MP Weather News: सर्द हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, आज 10 जिलों में बारिश के आसार
MP Weather News : उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण भोपाल में एक रात में न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री गिरकर 9.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। इस सीजन में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे आया।
Publish Date: Fri, 20 Nov 2026 08:28:09 AM (IST)Updated Date: Fri, 20 Nov 2026 08:28:09 AM (IST)
MP Weather News, एआई से तैयार फोटोHighLights
- मध्य प्रदेश में बढ़ी ठिठुरन
- 10 जिलों में वर्षा का अनुमान
- 22 नवंबर तक रहेगा तूफान अकवान का असर
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। भोपाल में एक ही रात न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री गिरकर 9.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो कि सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। भोपाल में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे आया है। इससे पहले 25 नवंबर 2017 को पारा 9.6 डिग्री दर्ज हुआ था। अधिकतम तापमान भी 2.9 डिग्री गिरकर 26.2 डिग्री पर पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, तूफान अकवान के असर से अगले तीन दिन रात के तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। हालांकि, अधिकतम तापमान में बदलाव की संभावना नहीं है।
रायसेन के तापमान सबसे ज्यादा कमी
गुरुवार को उमरिया 9.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। रीवा में यह 9.4 और जबलपुर में 9.8 डिग्री रहा। रायसेन में रात के तापमान में सबसे अधिक 4.9 डिग्री की गिरावट आई और पारा 10.5 डिग्री पर पहुंच गया। दमोह और खजुराहो में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। दिन में इंदौर का तापमान 4.2 डिग्री गिरकर 25.5 डिग्री पर आ गया। मलाजखंड में अधिकतम तापमान 24.2 और बैतूल में 25 डिग्री दर्ज किया गया।
22 नवंबर तक रहेगा अकवान तूफान का असर
मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि शुक्रवार से अकवान तूफान का असर दिखेगा और यह 22 नवंबर तक रहेगा। बालाघाट, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज में गरज-चमक के साथ हल्की से तेज वर्षा हो सकती है। तूफान के दौरान रात का पारा दो से तीन डिग्री बढ़ेगा। इसका असर खत्म होने के बाद तापमान फिर दो से तीन डिग्री गिर सकता है।
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस)
| शहर | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| भोपाल | 26.2 | 9.9 |
| इंदौर | 25.5 | 14.2 |
| ग्वालियर | 28.3 | 11.5 |
| जबलपुर | 27.2 | 9.8 |