
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। देश के उत्तरी इलाकों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही बर्फीली हवाओं ने मध्य प्रदेश में ठिठुरन बढ़ा दी है। प्रदेश में ठंड का थर्ड डिग्री टार्चर शुरू हो गया है। शुक्रवार को सबसे कम रात का पारा शाजापुर के गिरवर में 7.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं भोपाल, रायसेन, धार और शाजापुर में शीतलहर चली, जिससे लोग दिनभर गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। रात के तापमान में सबसे तेज गिरावट रायसेन में दर्ज की गई, जहां पारा 6 डिग्री लुढ़ककर 9.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
राजधानी भोपाल में भी सर्दी ने तीखे तेवर दिखाए। यहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री की गिरावट के साथ 9.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। इसके अलावा बैतूल में 9.2 डिग्री, धार में 9.4 डिग्री और दमोह में 9.5 डिग्री में भी रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
एक तरफ जहां पश्चिमी और मध्य हिस्सों में शीतलहर का असर है, वहीं तूफान अकवान के प्रभाव से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी इलाकों में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार को अनूपपुर में 6.5 मिलीमीटर और बालाघाट जिले के मलाजखंड में 0.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा सिंगरौली, शहडोल, सीधी और डिंडोरी में भी बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को सतना, रीवा, मऊगंज, मैहर, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में वर्षा की संभावना जताई है।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। अगले तीन दिनों में रात के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि देखने को मिलेगी, लेकिन इसके बाद एक बार फिर दिन के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी और ठंड का असर बढ़ेगा।- एसएन साहू, मौसम विज्ञानी
| शहर | अधिकतम | न्यूनतम |
| भोपाल | 26.2 | 9.0 |
| इंदौर | 26.5 | 10.6 |
| ग्वालियर | 28.0 | 11.7 |
| जबलपुर | 27.6 | 10.9 |
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में अब बिना 'क्वालिटी सर्टिफिकेट' नहीं बिकेगी शराब, 25 नवंबर से लागू होगी नई व्यवस्था