
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने मंगलवार को अमृत-2 योजना के अंतर्गत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे पाइप लाइन बिछाने के काम का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को काम में तेजी लाने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जावरा कंपाउंड में बिछाई जा रही पाइप लाइन के काम को देखा गया। निगमायुक्त ने काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के साथ-साथ काम पूरा होने के बाद संबंधित स्थल पर उचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद आंबेडकर नगर क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के कार्य का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने एवं निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
छोटी भमोरी में सड़क निर्माण का काम प्रस्तावित होने के कारण अर्जेंट वर्क के अंतर्गत पाइप लाइन बिछाई गई है, जहां निगमायुक्त ने काम की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच की। वहीं स्कीम 113 में चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य का निरीक्षण कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कीम 136 क्षेत्र में गंदे पानी की समस्या के निराकरण हेतु अर्जेंट वर्क के अंतर्गत डाली जा रही पाइप लाइन के काम को देखा और अधिकारियों को गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
यह भी पढ़ें- इंदौर केसरबाग ओवरब्रिज मामला: एमपी हाई कोर्ट नाराज, सरकार को दी 3 हफ्ते की मोहलत