राशन दुकानदारों की हड़ताल से MP में वितरण ठप: प्रदेश की 26 हजार दुकानें बंद, भोपाल में 3.42 लाख परिवारों पर अनाज का संकट
मप्र के 26 हजार दुकानदारों ने दी 7 अक्टूबर तक वितरण बंद रखने की चेतावनी दी है। हड़ताल जारी रहने पर भोपाल के करीब 3.42 लाख परिवारों के 14 लाख सदस्यों क...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 03 Oct 2026 11:02:43 PM (IST)Updated Date: Sat, 03 Oct 2026 11:02:43 PM (IST)
प्रतीकात्मकHighLights
- कमीशन बढ़ाने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राशन विक्रेताओं की हड़ताल
- भोपाल के करीब 3.42 लाख परिवारों के 14 लाख सदस्यों के सामने राशन का संकट
- 26 हजार दुकानदारों ने दी 7 अक्टूबर तक वितरण बंद रखने की चेतावनी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कमीशन बढ़ाने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मध्य प्रदेश राशन विक्रेता संघ की हड़ताल से भोपाल समेत प्रदेशभर में राशन वितरण प्रभावित हुआ। भोपाल की करीब 400 उचित मूल्य दुकानें बंद हैं, जो कि सोमवार को भी रहेंगी।
प्रदेश की करीब 26 हजार दुकानों के संचालकों ने 7 अक्टूबर तक राशन वितरण नहीं करने की चेतावनी दी है। इससे भोपाल के करीब 3.42 लाख परिवारों के 14 लाख सदस्यों के सामने राशन का संकट खड़ा हो सकता है।
कमीशन बढ़ाने की मांग
विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें वर्तमान में 90 रुपये प्रति क्विंटल कमीशन मिलता है, जबकि पड़ोसी राज्यों में यह 200 से 250 रुपये है। कमीशन का भुगतान भी तीन-चार महीने की देरी से होने का आरोप है।
बेनतीजा रही बातचीत
संघ ने प्रदेशभर में कलेक्टरों को ज्ञापन देने के बाद खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात की थी। शासन से बातचीत जारी है। समाधान नहीं निकला तो सोमवार से राशन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
दूसरे राज्यों में ज्यादा कमीशन का हवाला
उनका दावा है कि बिहार, केरल, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में दुकानदारों को 200 रुपये या उससे अधिक कमीशन मिलता है। संघ की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य राशिद खान और विक्की शर्मा ने बताया कि एक अक्टूबर तक जुलाई-अगस्त का लंबित कमीशन जारी करने और कमीशन बढ़ाने की मांग की गई है।
मांग पूरी नहीं होने पर अक्टूबर का राशन वितरित नहीं करने की चेतावनी दी गई है। इससे त्योहारों से पहले उपभोक्ताओं को राशन मिलने में परेशानी बढ़ सकती है।