रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती, भोपाल में 62 पोस्ट; 25 नवंबर तक आवेदन का मौका
रेलवे भर्ती बोर्ड ने सीईएन के तहत भर्ती निकाली है। भोपाल आरआरबी क्षेत्र में पश्चिम मध्य रेलवे के 49 और पश्चिम रेलवे के 13 सहित कुल 62 पद हैं।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 02:47:58 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 02:47:58 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- स्टेशन मास्टर के 1,265 पदों पर भर्ती
- भोपाल मंडल में कुल 62 पोस्ट हैं
- स्नातक अभ्यर्थी 25 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए स्टेशन मास्टर बनने का अवसर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने केंद्रीकृत रोजगार सूचना सीईएन 08/2026 के तहत 1265 पदों पर भर्ती निकाली है। ऑनलाइन आवेदन 27 अक्टूबर से शुरू हो गए हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के लेवल-6 के तहत 35,400 रुपये शुरुआती मूल वेतन मिलेगा।
भर्ती के तहत भोपाल आरआरबी क्षेत्र में पश्चिम मध्य रेलवे के 49 और पश्चिम रेलवे के 13 पद हैं। इस तरह दोनों जोन में कुल 62 पदों के अवसर हैं। देशभर में मुंबई क्षेत्र में सबसे अधिक 177 पद हैं। इसके बाद जम्मू-श्रीनगर में 122 और चेन्नई में 119 पद हैं।
ग्रेजुएशन अनिवार्य, आयु सीमा 20 से 33 वर्ष
आवेदन के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है। निर्धारित अंतिम तारीख तक शैक्षणिक योग्यता पूरी होनी चाहिए। आयु सीमा एक जनवरी 2027 की स्थिति में 20 से 33 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
कई चरणों में होगा चयन
अभ्यर्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (सीबीएटी), दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर होगा। स्टेशन मास्टर सुरक्षा से जुड़ा पद है, इसलिए निर्धारित ए-2 मेडिकल मानक पूरा करना जरूरी है।
आवेदन शुल्क और जरूरी तारीखें
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये और रियायती शुल्क वाली श्रेणियों के लिए 250 रुपये है। परीक्षा में शामिल होने पर अधिसूचना की शर्तों के अनुसार शुल्क वापसी का प्रावधान है। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 27 नवंबर है, जबकि आवेदन में संशोधन की अवधि 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक रहेगी। परीक्षा की तारीख बाद में घोषित की जाएगी।
अभ्यर्थी आवेदन और विस्तृत नियमों के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in या आवेदन पोर्टल rrbapply.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।