_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर से लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब रात के समय मोबाइल चार्जिंग की सुविधा नहीं मिलेगी। रेलवे ने आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक सभी कोचों के चार्जिंग पॉइंट बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
इसका असर ग्वालियर से गुजरने वाली ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। हालांकि, झांसी मंडल में इन निर्देशों को लागू करने के संबंध में स्थानीय स्तर पर जारी आदेशों की पुष्टि होना बाकी है।
रेलवे बोर्ड ने 26 अक्टूबर को सभी क्षेत्रीय रेलों के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियरों को पत्र जारी कर पहले से लागू निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है। रेलवे अब औचक निरीक्षण के जरिए भी व्यवस्था की निगरानी करेगा। इसका उद्देश्य चार्जिंग के दौरान मोबाइल और पावर बैंक गर्म होने से आग लगने की आशंका को कम करना है।
मुंबई-हावड़ा मेल में फटा था पावर बैंक
रेलवे की सख्ती की वजह 25 अक्टूबर को मुंबई-हावड़ा मेल (12809) के एसी कोच में हुई घटना भी है। ओडिशा के बंडामुंडा स्टेशन के पास सुबह 3:38 बजे बी-3 कोच की बर्थ नंबर छह पर चार्जिंग में लगा यात्री का पावर बैंक फट गया था। इसके अगले दिन रेलवे बोर्ड ने सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर निर्देश जारी किए।
यात्रियों को बरतनी होगी सावधानी
ग्वालियर से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करते हैं। ऐसे में यात्रियों को रात के निर्धारित समय में मोबाइल और पावर बैंक चार्ज करने से बचना होगा। यदि कोई उपकरण असामान्य रूप से गर्म होता है या उससे धुआं निकलता है, तो तुरंत ट्रेन स्टाफ को सूचना देनी चाहिए, ताकि संभावित हादसे को रोका जा सके।