
अंजली तोमर, भोपाल। रेलवे लाइन के नीचे बने कम ऊंचाई और कम चौड़ाई वाले अंडरपास अब किसानों के लिए परेशानी का कारण नहीं बनेंगे। किसान अपने ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य बड़ी कृषि मशीनरी आसानी से खेतों तक ले जा सकेंगे। इसके लिए रेलवे अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई बढ़ाने के साथ बारिश के पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था करने पर जोर दिया जा रहा है।
होशंगाबाद (नर्मदापुरम) के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने अक्टूबर 2026 में जबलपुर में आयोजित पश्चिम मध्य रेलवे की बैठक में यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र की रेलवे समस्याओं के साथ अंडरपास, ओवरब्रिज और यात्री सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया था।
पहले कई स्थानों पर अंडरपास की ऊंचाई करीब 3.5 से 4 मीटर और चौड़ाई लगभग पांच मीटर तक होती थी। इससे ऊंचे ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि मशीनरी को निकालने में परेशानी होती थी। किसानों को मशीनरी लेकर दूसरे रास्तों से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
अब अंडरपास में कम से कम 5.5 मीटर ऊंचाई रखने पर जोर है। यानी पहले की तुलना में करीब 1.5 से 2 मीटर अधिक ऊंचाई मिलेगी। वहीं, दो लेन वाले अंडरपास की चौड़ाई 10 से 12 मीटर तक रखने का प्रावधान है। इससे बड़े वाहनों की आवाजाही आसान होगी और आमने-सामने से आने वाले वाहनों को भी पर्याप्त जगह मिल सकेगी।
रेलवे लाइन के निर्माण के दौरान कई बार पानी का प्राकृतिक बहाव बाधित होने से आसपास के खेतों में जलभराव की स्थिति बन जाती है। इससे फसलों को नुकसान होने का खतरा रहता है। अब पुल-पुलियों का निर्माण करते समय पानी के बहाव और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों का ध्यान रखा जाएगा। जिन स्थानों पर बारिश में अधिक पानी आता है, वहां जरूरत के अनुसार बड़ी पुलिया और पर्याप्त जल निकासी की व्यवस्था की जाएगी। इससे बारिश का पानी खेतों में जमा होने के बजाय आसानी से निकल सकेगा।
रेल परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान किसानों के खेतों तक पहुंचने वाले रास्ते बंद न हों, इसका भी ध्यान रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार वैकल्पिक रास्ते और क्रॉसिंग बनाई जाएंगी। प्रभावित किसानों को नियमानुसार चार गुना मुआवजा देने की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया है। इससे रेल लाइन बनने के बाद भी किसानों की खेती और कृषि कार्य प्रभावित नहीं होंगे।
यह भी पढ़ें- कागजों में बह रहा पानी, हकीकत में नल बने शोपीस... राजगढ़ के 421 गांवों में पानी की सप्लाई बंद
भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में भी रेलवे अंडरपास के विस्तार का काम चल रहा है।
रेलवे निर्माण में स्थानीय जरूरतों और सुविधाओं को ध्यान में रखना जरूरी है। अंडरपास की पर्याप्त ऊंचाई, चौड़ाई और पानी निकासी की व्यवस्था से किसानों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। - डॉ. मधुर शर्मा, सीपीआरओ, जबलपुर