_m_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। भोपाल-कोटा रेलवे लाइन के निर्माणाधीन कार्य के चलते मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन के पुनः संरेखण एवं स्थानांतरण का कार्य किया जाना है। इस तकनीकी कार्य के कारण मोहनपुरा समूह पेयजल योजना के 421 ग्रामों में 25 नवंबर से पेयजल सप्लाई बंद कर दी गई है। इस सबके बीच खास बात यह है कि ब्यावरा जनपद क्षेत्र के ग्राम चमारी में नल लगने के बाद यानी तीन साल से ही पेयजल की सप्लाई नहीं हो रही है। ऐसे में ग्रामीण निजी जलस्रोतों पर निर्भर हैं।
जिन 421 गांवों की पेयजल सप्लाई बंद की गई है, उनमें से कई ऐसे गांव भी हैं, जहां पानी सिर्फ कागजों में पहुंच रहा है। इन 421 गांवों में शुमार ब्यावरा जनपद क्षेत्र के ग्राम चमारी में तीन वर्ष पहले नल तो लग गए, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं होती है। नल लगाने के दौरान इन्हें चालू किया गया था, इसके बाद से यहां की सप्लाई पूरी तरह बाधित है।
जहां नल लगे हैं, वे सूखे पड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हम निजी स्तर पर पानी की व्यवस्था करते हैं। गांव में जो निजी ट्यूबवेल व कुएं हैं, उनसे ग्रामीण पानी भरकर प्यास बुझाने को मजबूर हैं। घरों के बाहर जो नल लगे हैं, वे भी शोपीस बनकर रह गए हैं। पानी नहीं आने के कारण दीवाली में नागरिकों ने घरों के साथ नलों के आसपास भी रंग-रोगन कर दिया।
गांव के चौक में एक कुंडी है, जिसमें पानी की दर्जनों मोटरें डली हुई हैं। उससे कई लोग पाइप डालकर घरों तक पानी ले जाते हैं, ताकि प्यास बुझ सके। कई लोगों ने इस कुंडी में अपनी-अपनी निजी मोटरें डालकर घरों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था कर रखी है, लेकिन जल निगम का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। कुछ लोग हैंडपंपों से प्यास बुझा रहे हैं। इतना ही नहीं, खेतों पर स्थित कुओं से भी पानी लाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां लाइन डालने के बाद से पानी गांव में आया ही नहीं। कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
तीन वर्ष पहले नल लगे थे। जब लगे तब ही एक दिन पानी आया था, इसके बाद से पानी नहीं आया। मैंने 181 लगाई थी, अधिकारी आए, लेकिन समझाकर 181 बंद करवा दी। लाइन डालने में पूरी सड़क खोद दी, लेकिन पानी नहीं आ सका। इस ओर अधिकारियों का ध्यान नहीं है। - लाखनसिंह यादव, वार्ड मेंबर, चमारी
तीन वर्ष पहले हमारे यहां नल लगाए थे, पर पानी नहीं आ सका। हमारे यहां तो ट्यूबवेल है, लेकिन बाकी गांव के लोग परेशान होते हैं। सड़कें खोदकर पटक दीं और पानी चालू नहीं किया। - जीवनबाई, गृहिणी
नल लगे थे तो लग रहा था कि पानी आ जाएगा, लेकिन जब लगे तब ही एक-दो दिन आया। इसके बाद से बंद है। न पीने का पानी आ रहा है और न खेतों में नहरों का पानी आ रहा है। - रघुवीर यादव, ग्रामीण
जो लाइन डाली गई वह एस्टीमेट के मुताबिक गहराई में नहीं डाली गई, बल्कि एक-डेढ़ फीट पर ही डाल दी। नल लगने के बाद एक-दो बार ही पानी आया है, बाकी पानी नहीं आया। जल निगम पूरी तरह फेल है। पूरा गांव निजी जलस्रोतों आदि पर निर्भर है। - महेंद्र यादव, पूर्व सरपंच
यह जो नल लगे हैं वे देखने के हैं, इनमें पानी नहीं आता है। हम तो हैंडपंप से पानी भरकर काम चला रहे हैं। नल चालू करना चाहिए। - कांताबाई, गृहिणी
भोपाल-कोटा रेलवे लाइन के निर्माणाधीन कार्य के चलते मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन के पुनः संरेखण एवं स्थानांतरण का कार्य किया जाना है। इस तकनीकी कार्य के कारण मोहनपुरा समूह पेयजल योजना के अंतर्गत ब्यावरा, राजगढ़ एवं खिलचीपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के कुल 421 ग्रामों में मध्य प्रदेश जल निगम के माध्यम से होने वाली पेयजल आपूर्ति 25 नवंबर 2026 से 6 दिसंबर 2026 तक लगभग 12 दिनों के लिए पूर्णतः बंद की गई है।
निर्माणाधीन भोपाल-कोटा रेलवे मार्ग दो प्रमुख स्थानों पर मोहनपुरा समूह पेयजल योजना की पाइपलाइन के लंबवत आ रहा है, जिसके चलते पाइपलाइन का पुनः संरेखण एवं स्थानांतरण किया जाना आवश्यक है। ग्राम मंजरीखो के पास मुख्य रॉ वाटर पाइपलाइन (डीआई-600 मिमी), ग्रेविटी मेन पाइप (डीआई-200 मिमी) एवं डिस्ट्रीब्यूशन पाइपलाइन (एचडीपीई-110 मिमी) का कार्य किया जाएगा। वहीं, ग्राम लालगढ़ के पास ग्रेविटी मेन पाइप (डीआई-400 मिमी) एवं पंपिंग मेन पाइपलाइन (डीआई-250 मिमी) का स्थानांतरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- साइबर ठगी पर शिकंजा कसने की तैयारी, फर्जी सिम और संदिग्ध नंबरों पर थानों से रखी जाएगी नजर