
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। ऑपरेशन सिंदूर में सेना के पराक्रम की जानकारी देशवासियों के सामने लाने की जिम्मेदारी निभाने वाली सैन्य अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान देने वाले मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह के विरुद्ध मुकदमा नहीं चलेगा।
कैबिनेट की अनुशंसा पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा अभियोजन की स्वीकृति न दिए जाने संबंधी आदेश की जानकारी प्रदेश सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को सौंपी है। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट निर्णय सुनाएगा।
मंत्री विजय शाह ने 11 मई 2025 को इंदौर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा था कि उन्होंने (आतंकियों ने) कपड़े उतार-उतारकर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उन्हीं की बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। उनके इस बयान पर खूब बवाल मचा था। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने संज्ञान लेकर प्राथमिकी के निर्देश दिए थे।
आगे यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन हुआ। एसआईटी ने जांच करके सीलबंद रिपोर्ट न्यायालय को सौंपी और विजय शाह के विरुद्ध मुकदमा चलाने के लिए अभियोजन की स्वीकृति मांगी थी। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से इस मामले में जल्द निर्णय लेने के लिए कहा था।
यह भी पढ़ें- मंत्री प्रहलाद पटेल ने जहां बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ, 24 घंटे बाद ही वहीं सजा शादी का मंडप, पुलिस ने रोका
31 अगस्त को सुनवाई प्रस्तावित थी। इससे पहले 25 अगस्त को कैबिनेट की बैठक में राज्यपाल (सक्षम प्राधिकारी) से मुकदमा न चलाने संबंधी अनुशंसा का निर्णय लेकर प्रस्ताव भेजा, जिसे अनुमोदन के साथ उन्होंने लौटा दिया।
गृह विभाग ने विधि एवं विधायी विभाग से आदेश के प्रारूप का परीक्षण कराकर इसे जारी किया और शनिवार को सुप्रीम कोर्ट को निर्णय से अवगत करा दिया। अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट निर्णय सुनाएगा, जिसकी तारीख अभी निर्धारित नहीं है।