
नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। एक दिन पहले पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जहां बाल विवाह रोकने व बाल विवाह नहीं करने की शपथ दिलाई थी, उसी से कुछ किमी की दूरी पर दूसरे ही दिन बाल विवाह की तैयारी थी। समय रहते टीम को सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुंचकर बाल विवाह रोकने के लिए परिजनों को तैयार किया।
गुरुवार को मंत्री पटेल ने जीरापुर जनपद क्षेत्र के गांव बांगपुरा में ‘नई चेतना 5.0’ जेंडर अभियान एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ करने पहुंचे थे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों की मौजूदगी में बाल विवाह के न सिर्फ दुष्परिणाम बताए, बल्कि उसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के भी निर्देश दिए थे। लेकिन उनके द्वारा दिलाई गई शपथ व निर्देश दूसरे ही दिन टूटते नजर आए। बांगपुरा गांव से कुछ ही दूरी पर उसी खिलचीपुर विधानसभा क्षेत्र के सोनखेड़ा गांव में बाल विवाह कराने की तैयारी थी।
छापीहेड़ा थाना क्षेत्र के सोनखेड़ा गांव में एक 17 वर्षीय बालक के विवाह की तैयारियां थीं। सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और अहिंसा वेलफेयर सोसायटी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने परिजनों को विवाह नहीं करने की हिदायत देते हुए बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। समझाइश के बाद परिजनों ने स्पष्ट रूप से फिलहाल विवाह नहीं करने का आश्वासन दिया।
मौके पर पहुंची टीम को शुरुआत में परिजनों द्वारा गुमराह करने का प्रयास किया गया। हालांकि, कुछ समय बाद बालक के पिता ने उम्र संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिनकी जांच में बालक की उम्र 17 वर्ष पाई गई। इस पर टीम ने परिजनों को बताया कि कानून के अनुसार लड़के की विवाह की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित है। इससे कम उम्र में विवाह करना बाल विवाह की श्रेणी में आता है और कानूनन अपराध है।
इस दौरान बालक के पिता ने कहा कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि कम उम्र में विवाह करना अपराध है और न ही उन्हें विवाह की निर्धारित कानूनी उम्र के बारे में पता था। टीम ने पिता सहित मौके पर मौजूद अन्य परिजनों को विस्तार से समझाइश दी। उन्हें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा बाल विवाह के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
संयुक्त टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर बालक के पिता के हस्ताक्षर करवाए। परिजनों ने स्पष्ट आश्वासन दिया कि वे अभी बाल विवाह नहीं करेंगे। साथ ही स्थानीय हितधारकों को भी इस मामले पर लगातार निगरानी रखने के लिए कहा गया, ताकि किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह संपन्न न हो सके।
टीम ने स्पष्ट हिदायत दी कि यदि इसके बावजूद बाल विवाह कराया जाता है तो विवाह में प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर अनीता मेघवाल, अहिंसा वेलफेयर सोसायटी से राधेश्याम दांगी तथा छापीहेड़ा पुलिस की टीम मौजूद रही।
यह भी पढ़ें- भोपाल में महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास, एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में चीन को 3-1 से हराया, चौथी बार जीता खिताब
तय कार्यक्रम के मुताबिक सोनखेड़ा गांव से आज रविवार को तलेन में बारात जाती। वहां पर विवाह की रस्में संपन्न होतीं। लेकिन बारात लगती इसके पहले ही टीम ने बाल विवाह को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि आज बारात न पहुंचे व गुपचुप तरीके से विवाह संपन्न न हो इसके लिए टीमें निगरानी किए हुए हैं।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने 27 नवंबर को बांगपुरा में ‘नई चेतना 5.0’ जेंडर अभियान एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ किया था। इस दौरान उन्होंने मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक हजारीलाल दांगी, अमरसिंह यादव, कलेक्टर डॉ. गिरीश मिश्रा, एसपी अमित तोलानी, व जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले की मौजूदगी में बाल विवाह नहीं करने व बाल विवाह रोकने के लिए मंच से शपथ दिलाई गई।
लेकिन इस शपथ का असर जिले में 24 घंटे भी नहीं रहा। जिला स्तर पर जिम्मेदारों द्वारा प्रचार-प्रसार व जागरूकता का स्तर इतना कमजोर रहा कि मंत्री पटेल के लौटने के 24 घंटे के भीतर ही जिले में बाल विवाह का केस सामने आ गया। गनीमत रही कि संयुक्त टीम ने समय रहते विवाह को टाल दिया।