
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) आयुक्त ने शिक्षकों और कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान हेतु रविवार को समाधान शिविर का आयोजन किया है। स्कूल शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों को वेतन, क्रमोन्नति, पेंशन, अवकाश और अन्य समस्याओं की जानकारी गूगल फार्म के जरिये सीधे अपलोड करने के लिए कहा गया है।
इन प्रकरणों की आयुक्त स्तर पर समीक्षा की जाएगी और जिला शिक्षा अधिकारियों से समाधान की रिपोर्ट ली जाएगी। डीपीआई ने सभी जिलों में समस्या समाधान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान संबंधित कर्मचारियों और शिक्षकों को जिला कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शिविर में लंबित पेंशन, अवकाश, वेतनमान, क्रमोन्नति, समयमान-वेतनमान, विभागीय जांच, निलंबन और दंड से जुड़े मामलों का निराकरण किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- एमपी में शिक्षक पात्रता परीक्षा का सिलेबस जारी! DPI ने स्पष्ट किया प्रारूप, 150 अंकों के होंगे MCQ
जिला स्तर पर लंबित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा गया है। शिविर में निराकृत और लंबित प्रकरणों का विवरण निर्धारित प्रारूप में तैयार किया जाएगा। शासन स्तर पर भी लंबित प्रकरणों की लगातार समीक्षा की जा रही है। आयुक्त कार्यालय अब जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर समाधान की स्थिति की निगरानी करेगा।