
डिजिटल डेस्क, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने समान नागरिक संहिता (UCC), विवाह और बच्चों की संख्या को लेकर बड़ा बयान दिया है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि देश में अब चार पत्नियों और 25 बच्चों वाला चलन बंद होने जा रहा है और कानून की नजर में सभी के लिए एक ही नियम लागू होगा। इस दौरान उन्होंने अनुच्छेद 370, राम मंदिर और हिंदू एकता जैसे मुद्दों पर भी खुलकर अपनी बात रखी।
अपने वक्तव्य को राजनीतिक के साथ-साथ संवैधानिक कसौटी पर भी सही ठहराते हुए विधायक शर्मा ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद किया। उन्होंने कहा कि वे बाबा साहब अंबेडकर को साक्षी मानकर यह बात कह रहे हैं कि देश के हर नागरिक के लिए कानून बराबर होना चाहिए। चाहे बात परिवार की हो या बच्चों की संख्या की, नियम सबके लिए एक समान तय किए जाने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी पूरी मजबूती के साथ इस विचार के पक्ष में खड़ी है।
समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए भाजपा विधायक ने लोगों से अपनी शक्ति पहचानने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वक्त की नजाकत को समझते हुए खुद भी सतर्क रहना होगा और दूसरों को भी जगाना होगा। उन्होंने मजबूत हिंदू समाज बनने की अपील करते हुए कहा कि यह देश तुम्हारा है और जो हिस्सा कभी तुमसे अलग हुआ था, वह भी एक दिन फिर से तुम्हारा होगा। भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की बात करते हुए उन्होंने गांधार तक के ऐतिहासिक विस्तार का उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- खजराना गर्भगृह विवाद में गार्डों को सजा, MLA गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष को प्रशासन ने सिर्फ चेतावनी देकर छोड़ा
कार्यक्रम में मौजूद युवा पीढ़ी को संबोधित करते हुए शर्मा ने बदलते दौर की चुनौतियों से रूबरू कराया। उन्होंने कहा कि आज का समय कड़ी प्रतिस्पर्धा का है, जहां टिकने के लिए हर नौजवान को अपनी काबिलियत और हुनर के दम पर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे समय की कीमत समझें और खुद को इतना सक्षम बनाएं कि अपना भविष्य संवारने के साथ ही समाज के लिए भी उपयोगी साबित हो सकें।
यह भी पढ़ें- Indore Sarafa: 9 दिसंबर के बाद तय होंगे नए दाम, मुनाफा वसूली की बिकवाली से सोने में मंदी, चांदी में स्थिरता