भोपाल: किराये पर कार लेकर कर्नाटक में बंद किया GPS, ढाई महीने बाद FIR
भोपाल के त्रिलंगा निवासी भारती पंडित से सौरभ तिवारी ने किराये पर कार ली थी। शर्त थी कि वाहन भोपाल में ही रहेगा, लेकिन आरोपित 10 अगस्त की रात कार लेकर चला गया और ढाई महीने बाद भी नहीं लौटाया।
Publish Date: Sun, 08 Nov 2026 09:33:41 AM (IST)Updated Date: Sun, 08 Nov 2026 09:33:41 AM (IST)
प्रतीकात्मक, फोटो एआई से तैयारHighLights
- किराये पर कार लेकर हुआ फरार
- कर्नाटक के बेलगावी में मिली लोकेशन
- शाहपुरा पुलिस ने दर्ज किया केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। किराये पर चलाने के नाम पर परिचित से कार ली और बिना अनुमति दूसरे राज्य ले जाकर उसका जीपीएस ट्रैकर बंद कर दिया। अब ढाई महीने से कार मालिक महिला वाहन लौटाने के लिए आरोपित के चक्कर लगा रही है। शाहपुरा पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद सौरभ तिवारी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
10 अगस्त से गायब
पुलिस के अनुसार त्रिलंगा स्थित कृष्णा आकृति इंक्लेव निवासी भारती पंडित (56) ने कुछ महीने पहले नीले रंग की कार खरीदी थी। रेंटल एजेंसी के जरिए उनकी पहचान सौरभ से हुई थी। वह कभी-कभी कार किराये पर ले जाता था। तय हुआ था कि वाहन भोपाल में ही रहेगा और इसके लिए अनुबंध किया जाएगा।
महिला के अनुसार, 10 अगस्त की रात करीब एक बजे सौरभ कार की चाबी लेकर चला गया। अगले दिन पूछने पर तीन-चार दिन में लौटाने का भरोसा दिया।
कर्नाटक में मिली लोकेशन
जीपीएस जांचने पर कार भोपाल से बाहर मिली। पहले उसने जबलपुर में होने की बात कही, फिर लोकेशन कर्नाटक के बेलगावी में मिली। इसके बाद ट्रैकर बंद हो गया। सौरभ ने ट्रैकर खराब होने का बहाना बनाकर समीर शेखावत का नंबर दिया।
समीर ने कार अपने पास होने की बात कही, लेकिन वीडियो कॉल पर दिखाने से बचता रहा। सौरभ ने सिर्फ 10 हजार रुपये किराया भेजा, लेकिन कार नहीं लौटाई। पुलिस अब वाहन की लोकेशन और मौजूदा कब्जे की पड़ताल कर रही है।