
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। व्यावसायिक परीक्षा मंडल (PEB) का नाम बदलकर मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जरूर कर दिया गया है, लेकिन परीक्षा और परिणाम जारी करने में होने वाली देरी अब भी बनी हुई है। वर्ष 2026 के परीक्षा कैलेंडर में शामिल भर्ती परीक्षाओं में से कई के परिणाम समय पर घोषित नहीं हो सके हैं। इससे हजारों अभ्यर्थियों को आगे की भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार करना पड़ रहा है।
मंडल ने वर्ष 2026 के परीक्षा कैलेंडर में कुल 18 परीक्षाएं शामिल की थीं। इनमें 14 भर्ती परीक्षाएं, तीन प्रवेश परीक्षाएं और एक पात्रता परीक्षा थी। इनमें से मंडल ने 10 भर्ती परीक्षाएं आयोजित की हैं, लेकिन अब तक केवल चार भर्ती परीक्षाओं के परिणाम ही जारी किए गए हैं। शेष छह भर्ती परीक्षाओं के परिणाम लंबित हैं।
इसके अलावा तीन भर्ती परीक्षाएं वर्ष 2027 तक खिसक गई हैं, जबकि एक भर्ती परीक्षा की तारीख अभी घोषित नहीं की गई है। परीक्षा कैलेंडर के अनुसार समय पर परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थी परेशान हो रहे हैं।
मंडल को वर्ष के दौरान चार परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव करना पड़ा। इनमें कृषि विस्तार अधिकारी भर्ती परीक्षा, वनरक्षक एवं जेल प्रहरी संयुक्त भर्ती परीक्षा, नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा तथा समूह-3 उपयंत्री एवं अन्य पदों की संयुक्त भर्ती परीक्षा शामिल हैं। समूह-3 की परीक्षा अब जनवरी 2027 में प्रस्तावित है।
वहीं नायब तहसीलदार विभागीय परीक्षा के लिए 10 जनवरी 2027 की तारीख दर्ज की गई है। वहीं अस्पताल सहायक भर्ती परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया सात मई 2025 को शुरू हुई थी। इसकी परीक्षा 24 जून से आठ जुलाई 2026 के बीच आयोजित की गई। यानी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के एक साल से अधिक समय बाद परीक्षा आयोजित हो सकी।
यह भी पढ़ें- बीना विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सुगबुगाहट तेज, SC की सख्ती के बाद बढ़ी हलचल, भाजपा ने शुरू की तैयारी
इस वर्ष आयोजित 10 भर्ती परीक्षाओं में समूह-5 स्टाफ नर्स एवं पैरामेडिकल, वनरक्षक एवं जेल प्रहरी संयुक्त भर्ती, सहायक उपनिरीक्षक एवं प्रधान आरक्षक तथा आइटीआइ प्रशिक्षण अधिकारी भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी हो चुके हैं।
वहीं अस्पताल सहायक, नर्सिंग अधिकारी एवं सिस्टर ट्यूटर, कृषि विस्तार अधिकारी, समूह-2 उपसमूह-4, सूबेदार एवं उपनिरीक्षक तथा सूबेदार एवं सहायक उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अब तक घोषित नहीं हुए हैं।अभ्यर्थियों का कहना है कि परिणाम में देरी से आगे की नियुक्ति प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही है।