
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बदमाशों ने मुख्यमंत्री निवास से महज 500 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े टीबी ट्रेनिंग सेंटर के एचओडी 65 वर्षीय डा. मनोज वर्मा की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
श्यामलाहिल्स इलाके में साइकिल से घूमने निकले वरिष्ठ डॉक्टर को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने पालिटेक्निक रोड पर पहले बाइक से टक्कर मारकर गिराया, फिर आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर उनके साथ लूटपाट की और मौके से फरार हो गए।
बदमाशों ने डॉक्टर के हाथ में पहना सोने का कड़ा, घड़ी और नकदी लूट ली। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। टक्कर से गिरने के कारण डॉक्टर का कूल्हा फ्रैक्चर हो गया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस का क्या कहना
पुलिस के अनुसार डॉ. मनोज वर्मा श्यामलाहिल्स क्षेत्र स्थित टीबी ट्रेनिंग सेंटर में एचओडी के पद पर पदस्थ हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर लौटते समय किलोल पार्क और दानिश आइसक्रीम पार्लर के बीच पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने टक्कर मार दी।
जैसे ही डॉक्टर संभलने की कोशिश कर रहे थे, तभी दो अन्य बदमाश आ पहुंचे। एक ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाला, जबकि दूसरे ने सोने का कड़ा, घड़ी और नकदी छीन ली। पूरी वारदात दो मिनट के भीतर अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए।
राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया
घायल डॉक्टर को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच में कूल्हे की हड्डी फ्रैक्चर पाई गई। उनका इलाज हमीदिया अस्पताल में जारी है। घटना मुख्यमंत्री निवास के पास हाई सिक्योरिटी जोन में हुई है, जहां आसपास कई वीआईपी आवास और सरकारी संस्थान मौजूद हैं। इसके बावजूद दिनदहाड़े लूट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटनास्थल के पास पुलिस प्वाइंट होने और नियमित पेट्रोलिंग के दावों के बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
तीन महीनों में 30 से अधिक लूट की घटनाएं
राजधानी में पिछले तीन महीनों में 30 से अधिक लूट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे पहले भी श्यामलाहिल्स और अन्य वीआईपी क्षेत्रों में कई बड़ी वारदातें हो चुकी हैं। डॉक्टर ने बताया कि सुबह साइकिलिंग के दौरान पीछे से टक्कर मारकर गिराया गया और मिर्च पाउडर डालकर सोने का कड़ा, घड़ी और नकदी छीन ली गई।
डॉ. मनोज वर्मा 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें चार महीने तक आराम की सलाह दी गई है और उनके कूल्हे का ऑपरेशन किया जाएगा।
अधिकारियों का क्या कहना
शालिनी दीक्षित, एडिशनल डीसीपी जोन-3 का कहना् है कि घटनास्थल के आसपास पुलिस का प्वाइंट है और पूरे क्षेत्र में पेट्रोलिंग की जाती है। वारदात के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल जा रहे हैं और आरोपितों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- 40 दिन बाद चला बुलडोजर, फार्म हाउस, टीनशेड जमींदोज