
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। इंटरपोल के रेड नोटिस वाले तीन फरार अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों की गिरफ्तारी एवं उनके संबंध में सूचना देने वालों के लिए कुल दो लाख रुपये की इनामी राशि घोषित की गई है।
क्या है पूरा मामला
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) की भोपाल इकाई द्वारा वर्ष 2015 में दर्ज एक प्रकरण में बाघ के शिकार तथा उसके अंगों की अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में मुख्य आरोपित जेई तमांग (दिल्ली) और ढरके लामा (काठमांडू, नेपाल) पिछले लगभग दस वर्षों से फरार हैं।
अब तक गिरफ्तारी नहीं
इसी तरह एसटीएसएफ की शिवपुरी इकाई द्वारा दर्ज कछुओं एवं घड़ियालों की अंतरराष्ट्रीय तस्करी से जुड़े प्रकरणों में आरोपी अल हज मोहम्मद शफ़ीकुल इस्लाम उर्फ रहमान तालुकदार (ढाका, बांग्लादेश) की भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
तीनों आरोपितों के विरुद्ध संबंधित न्यायालयों द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं। अपराधों की गंभीरता तथा आरोपितों की संभावित अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों को देखते हुए इंटरपोल द्वारा तीनों आरोपितों के विरुद्ध रेड नोटिस जारी किए गए हैं।
इनाम घोषित किया है
इनके संबंध में सूचना देने अथवा गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों के लिए वन्यजीव मुख्यालय ने जेई तमांग पर एक लाख रुपये तथा ढरके लामा एवं रहमान तालुकदार पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
यह भी पढ़ें- अतिक्रमण पर चला भोपाल निगम का डंडा, कलियासोत डेम के कैचमेंट एरिया से हटाईं 15 डेयरियां, टीटी नगर में 89 आवास खाली