भोपाल: ISBT कॉरिडोर में सामान फैलाना पड़ा महंगा, चार्टर्ड बस बुकिंग ऑफिस पर ₹5 हजार का जुर्माना
आईएसबीटी कॉरिडोर में सामान फैलाने से यात्रियों को हो रही परेशानी पर निगमायुक्त ने चार्टर्ड बस के बुकिंग ऑफिस संचालक पर मौके पर ही जुर्माना लगाया।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 12:10:07 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 12:10:07 PM (IST)
नगर निगम कार्यालय, भोपाल। फाइल फोटो।HighLights
- आईएसबीटी में सामान रखने पर पांच हजार जुर्माना
- बस के बुकिंग ऑफिस संचालक पर मौके पर ही जुर्माना
- दमकलकर्मियों की 24 घंटे तैनाती के दिए निर्देश
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नगर निगम की कमान संभालने के बाद आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार लगातार शहर में उतरकर सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण और नागरिक सुविधाओं का जायजा ले रहे हैं। वे अधिकारियों को मौके पर ही व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दे रहे हैं।
रविवार को भी उन्होंने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों का निरीक्षण किया।अधिकारी सुबह करीब 6 बजे आईएसबीटी पहुंचे।
निगम कमिश्नर का एक्शन
यहां बस ऑपरेटरों ने कॉरिडोर में सामान फैला रखा था, जिससे यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही थी। कुछ बसें लंबे समय से परिसर में खड़ी थीं। आयुक्त ने ऐसे बस ऑपरेटरों को सामान हटाने और गैर संचालित बसों को परिसर से बाहर करने के निर्देश दिए।
वहीं, कॉरिडोर में सामान रखने पर निगम के स्वास्थ्य शाखा के अमले ने चार्टर्ड बस के बुकिंग आफिस संचालक पर मौके पर ही पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
बस स्टैंड के आसपास से अतिक्रमण हटाने और स्मार्ट सिटी द्वारा रखी गई साइकिलों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने लिली टॉकीज क्षेत्र के पटाखा बाजार का निरीक्षण किया। यहां दुकानों के आसपास अतिक्रमण से आवागमन बाधित न हो, इसके लिए दुकानों को निर्धारित सीमा में रखने के निर्देश दिए।
साथ ही पटाखा बाजारों में आग बुझाने के संसाधनों और दमकलकर्मियों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने यातायात पार्क स्थित फायर ब्रिगेड मुख्यालय पहुंचकर दमकल वाहनों और आपदा नियंत्रण की तैयारियां भी देखीं।
न्यू मार्केट में होगी पीली लाइन की मार्किंग
इसके अतिरिक्त निगमायुक्त ने न्यू मार्केट क्षेत्र का निरीक्षण कर यहां दुकानों की सीमा तय करने के लिए चल रही पीली लाइन मार्किंग जल्द पूरी कराने को कहा, ताकि दुकानदार तय दायरे में ही सामान रख सकें। उन्होंने दुकानदारों को निर्धारित सीमा के अंदर की सामान रखकर व्यवसाय करने की समझाइश दी।
बाजार में क्षतिग्रस्त टाइल्स बदलने, फुटपाथों से धूल-मिट्टी हटाने और दिन के साथ रात में भी सफाई कराने के निर्देश दिए।