
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अखिल भारतीय सफाई मजदूर ट्रेड यूनियन के तत्वावधान में तीन नवंबर से जारी सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन काम बंद हड़ताल शुक्रवार देर रात समाप्त हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई सकारात्मक वार्ता और प्रमुख मांगों पर मिले ठोस आश्वासन के बाद यूनियन ने हड़ताल वापस लेने का ऐलान किया। हड़ताल खत्म होते ही शहर में रात्रिकालीन सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।
यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य मंत्री कृष्णा गौर के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मगनलाल झांझोट ने बताया कि सीएम के समक्ष कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, अनुकंपा नियुक्ति और ठेका प्रथा समाप्त करने जैसी मुख्य समस्याएं रखी गईं। मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए एक उच्चस्तरीय कमेटी गठित कर दी है, जो एक माह के भीतर चार प्रमुख मांगों पर प्रक्रिया शुरू करेगी।
ज्ञात हो कि राजधानी में हड़ताल के चलते कचरा उठना बंद हो गया था और चारों तरफ गंदगी का अंबार लग गया था। अब काम दोबारा शुरू होने से शनिवार से शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर लौट आएगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में अब दीवाली पर नहीं होगा बिजली संकट, 45 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों ने टाला आंदोलन