_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई में स्थित फोरसिथ लाज रिसोर्ट में विगत दिनों अवैध रूप से वन्य जीवों के अंगों के अवैध प्रदर्शन के मामले का पर्दाफाश हुआ। पर्यटकों को लुभाने के लिए संचालक द्वारा अपने रिसोर्ट में अवैध तरीके से वन्यजीवों के इन अंगों का प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रशासन, पुलिस, एसटीआर सहित अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने रिसोर्ट पर छापा मारा। इस दौरान प्रदर्शनी में रखे वन्यजीवों के अंगों को जब्त कर संचालक पर प्रकरण दर्ज किया। अब विभाग की टीम आगे की कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई के दौरान सोहागपुर एसडीएम प्रियंका भलावी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में मिले वन्यजीवों के अंगों को एसटीआर की टीम ने जब्त किया। जिन अंगों को जब्त किया गया है उनमें चीतल के चार सींग, सेही के चार कांटे, सांप की दो कांचुली शामिल हैं। अब एसटीआर ने अंगों को जब्त कर मामला दर्ज किया है। साथ ही अब इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है कि वन्यजीवों के ये अंग कहां से लाए गए हैं। साथ ही ये अंग कितने पुराने हैं, इसकी जानकारी लेने के लिए अंगों का प्रयोगशाला में परीक्षण भी करवाया जा रहा है।
प्रशासन की छापामार कार्रवाई के पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधीय प्रशासन की टीम ने फोरसिथ रिसोर्ट और फारेस्ट चैप्टर बाय सयाजी रिसोर्ट पर छापा मारा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर के नेतृत्व में हुई इस छापामार कार्रवाई में फोरसिथ रिसोर्ट में ब्रेड, बेसन और सूजी एक्सपायरी डेट के मिले। साथ ही फारेस्ट चैप्टर बाय सयाजी रिसोर्ट में राजमा, ब्रेड, मूंग एक्सपायरी डेट के पाए गए। विभाग ने खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अब जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि करोड़ों के रिसोर्ट में इस तरह की खाद्य सामग्री मिलने से प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर ने बताया कि खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर लैब भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मढ़ई के फोरसिथ लाज रिसोर्ट से मिले चीतल की सींग, सांप की कांचुली, सेही के कांटों को जब्त किया गया है। इस मामले में आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाएगा। साथ ही ये अंग कहां से लाए गए और कितने पुराने हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। - आशीष खोबरागढ़े, एसडीओ मढ़ई, एसटीआर
यह भी पढ़ें- नगर निगम के दावों की खुली पोल... भोपाल में 4500 लीकेज का रिकॉर्ड ही गायब, जनता पी रही गंदा पानी