
अनुज मैना, नईदुनिया, भोपाल। नेहरू नगर चौराहे के पास सड़क किनारे पाइपलाइन के वाल्व से लगातार पानी रिस रहा है। पानी सड़क पर बहकर कीचड़ में बदल गया है और आसपास के रहवासी इससे परेशान हैं। कुछ इसी तरह की स्थिति सुरुचि नगर में भी है, जहां पाइप लाइन में करीब 10 माह से लगातार रिसाव हो रहा है। यह स्थिति उस समय है, जब निगम प्रशासन दावा कर रहा है कि इंदौर में दूषित पानी से मौतों के मामले सामने आने के बाद करीब ढाई हजार लीकेज सुधार चुका है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से यहां पाइपलाइन से पानी बह रहा है, लेकिन अब तक इसे ठीक नहीं किया गया। सड़क किनारे जमा पानी के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ रही है।
नगरीय प्रशासन विभाग ने भागीरथपुरा त्रासदी के बाद प्रदेश भर में जांच की थी। पता चला कि प्रदेश के 16 नगरीय निकायों में पेयजल पाइपलाइन में कुल 62,528 लीकेज मिले हैं। अकेले भोपाल नगर निगम में करीब सात हजार लीकेज का पता चला जो प्रदेश में सबसे अधिक है। आंकड़ों का विश्लेषण करें तो भोपाल में प्रदेश के कुल लीकेज का लगभग 12 प्रतिशत हिस्सा है। इंदौर में भी 4,800 लीकेज मिले हैं। शासन की रिपोर्ट जहां 7,000 लीकेज बता रही है, वहीं निगम प्रशासन का कहना है कि उन्होंने अपने स्तर पर मिले सभी 2,488 लीकेज ठीक कर दिए हैं। यह विरोधाभास दर्शाता है कि लगभग 4,500 से अधिक लीकेज अभी भी शहर में मौजूद हैं, जिन्हें निगम ने अपने रिकॉर्ड में शामिल ही नहीं किया है।
नेहरू नगर चौराहे के पास सड़क किनारे पाइपलाइन के वाल्व से लगातार पानी रिस रहा है। पानी सड़क पर जमा होकर कीचड़ में बदल चुका है। आसपास के रहवासी बताते हैं कि कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है। जमा पानी में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
सुरुचि नगर क्षेत्र में जलकार्य की पाइपलाइन में लगातार रिसाव हो रहा है। रहवासी सुनील दुबे ने बताया कि यहां पर करीब दस माह से पानी लीक हो रहा है। इस कारण घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। वहीं वैशाली नगर स्थित कला निकेतन के सामने भी करीब ढाई महीने से पाइपलाइन लीकेज है। सुबह के समय नलों से मटमैला पानी आता है, जिसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी भी लीकेज की समस्या बनी हुई है।
शहर में निगम अमले को करीब ढाई हजार लीकेज मिले थे, जिन्हें सुधार दिया गया है। मरम्मत अभियान प्रतिदिन जारी है, जिसमें टीमें शिकायतों पर कार्रवाई कर पूरे शहर में काम कर रही हैं। - संस्कृति जैन, निगमायुक्त
यह भी पढ़ें- राज्य सरकार बनाएगी 7.5 लाख कर्मचारियों की 'डिजिटल कुंडली', सारा डाटा होगा एक क्लिक पर