
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी भोपाल में इस बार मई की भीषण गर्मी ने बिजली खपत के सारे पुराने आंकड़ों को चुनौती देना शुरू कर दिया है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण एयर कंडीशनर, कूलर और पंखों का उपयोग तेजी से बढ़ा है, जिसका सीधा असर बिजली की मांग पर दिखाई दे रहा है।
अप्रैल 2026 की तुलना में मई 2026 में बिजली खपत में 22.62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि मई 2025 की तुलना में यह बढ़ोतरी 13.49 प्रतिशत रही। बिजली कंपनी के अनुसार जिस दिन तापमान सबसे अधिक रहा, उसी दिन बिजली खपत भी रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई।
शहर में 11 मई से गर्मी अपने चरम पर पहुंची हुई है। इसके बाद से लगातार प्रतिदिन एक करोड़ यूनिट से अधिक बिजली खपत दर्ज की जा रही है। मई 2026 में 21 तारीख तक कुल 13 दिन ऐसे रहे, जब बिजली खपत एक करोड़ यूनिट से ऊपर रही। सबसे ज्यादा बिजली खपत 21 मई 2026 को दर्ज की गई, जब शहर में एक करोड़ 19 लाख 93 हजार यूनिट बिजली उपयोग हुई।
इसके पहले अप्रैल 2026 में कुल नौ दिन एक करोड़ यूनिट से अधिक बिजली खपत हुई थी, जिसमें 27 अप्रैल को सबसे अधिक एक करोड़ 9 लाख 99 हजार यूनिट बिजली की मांग दर्ज की गई थी। पिछले वर्ष मई 2025 में केवल 11 दिन एक करोड़ यूनिट से अधिक बिजली खपत हुई थी। उस दौरान 20 मई 2025 को सबसे ज्यादा एक करोड़ 6 लाख 48 हजार यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई थी। वहीं इस वर्ष मई में लगातार बढ़ती गर्मी के कारण खपत के आंकड़े तेजी से ऊपर जा रहे हैं।
आंकड़ों के अनुसार 21 मई 2026 तक भोपाल शहर में कुल 22 करोड़ 21 लाख 98 हजार यूनिट बिजली खपत हो चुकी है। अप्रैल 2026 में यह आंकड़ा 27 करोड़ 51 लाख 89 हजार यूनिट रहा था। जबकि मई 2025 में कुल 29 करोड़ 44 लाख 73 हजार यूनिट बिजली खपत दर्ज की गई थी। बिजली कंपनी का मानना है कि यदि आने वाले दिनों में गर्मी का असर इसी तरह बना रहा तो मई 2024 में दर्ज 32 करोड़ 9 लाख 94 हजार यूनिट बिजली खपत का रिकॉर्ड भी टूट सकता है।
वर्ष 2022 से अब तक के आंकड़ों में मई 2024 सबसे अधिक बिजली खपत वाला वर्ष रहा है। उस दौरान शहर में 32 करोड़ 9 लाख 94 हजार यूनिट बिजली उपयोग हुई थी। वहीं सबसे कम खपत मई 2023 में दर्ज की गई, जब कुल 25 करोड़ 94 लाख 18 हजार यूनिट बिजली उपयोग हुई थी।
दिलचस्प बात यह है कि मई 2026 में तीन मई को सबसे कम केवल 88 लाख 41 हजार यूनिट बिजली खपत दर्ज हुई थी, लेकिन इसके बाद तापमान में लगातार वृद्धि के साथ बिजली मांग भी तेजी से बढ़ती चली गई। बिजली कंपनी ने आगामी दिनों में मांग और बढ़ने की संभावना जताई है।
मई 2025 की तुलना में इस वर्ष मई 2026 में बिजली खपत में 13 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई है। भीषण गर्मी के चलते अधिकतम विद्युत मांग 544.92 मेगावाट तक पहुंची। बढ़ती मांग के बावजूद उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।- प्रदीप सिंह चौहान, महाप्रबंधक, सिटी सर्किल भोपाल