_m.webp)
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में ताजुल मस्जिद के पास स्थित कजियात कार्यालय में तलाक की प्रक्रिया को लेकर विवाद के दौरान मारपीट हो गई। शाहजहांनाबाद पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का क्या कहना है
पुलिस के अनुसार, कारगिल कालोनी, छोला रोड निवासी 37 वर्षीय काजी बकील अहमद काला दरवाजा स्थित कजियात कार्यालय में निकाह और तलाक संबंधी कार्य कराते हैं। तीन फरवरी को हनीफ कालोनी, करोंद निवासी उवेश अपनी पुत्री के तलाक का मामला लेकर वहां पहुंचे थे। तलाक की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रतिदिन एक हजार रुपये फीस तय की गई थी।
लड़के के पक्ष के लोग भड़क गए
बाद में लड़के पक्ष के फुरकान पिता अनवर, अच्छे मियां और अनवर मियां (निवासी सईद नगर) से चर्चा कर तारीख तय की गई। निर्धारित दिन दोनों पक्ष कजियात कार्यालय पहुंचे और उन्हें काजी सराफत रहमानी के समक्ष पेश किया गया। काजी द्वारा पहले काउंसलिंग की सलाह देने पर लड़के पक्ष के लोग भड़क गए और उसी दिन तलाक कराने की बात कहने लगे।
गाली- गलौज और हाथापाई
आरोप है कि इसी दौरान गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई। लड़की पक्ष के उवेश के पहुंचने पर विवाद बढ़ गया और काजी के साथ मारपीट की गई। घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल से अहमदाबाद तक फैला 'अमरीन नेटवर्क', प्रेमी और मंगेतर की मदद से ऐसे बिछाया गया युवतियों को फंसाने का जाल