
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। आय से अधिक संपत्ति के मामले में लोकायुक्त पुलिस की जांच के दायरे में आए वन विभाग के एसडीओ संजीव कुमार शर्मा को राज्य शासन ने बुधवार को निलंबित कर दिया है। शर्मा सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में पदस्थ थे।
लोकायुक्त पुलिस ने 14 नवंबर को उनके शासकीय और निजी आवास पर छापेमारी की थी। इसमें सात करोड़ 60 लाख रुपये की संपत्ति का पता चला था, जिसमें तीन करोड़ रुपये की ज्वेलरी शामिल है। उन पर आय से 500 गुना से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
वन विभाग ने शर्मा को मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रविधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में शर्मा का मुख्यालय प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्यालय भोपाल रहेगा। लोकायुक्त पुलिस ने उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें- 'धनकुबेर' SDO के पास मिले हीरे जड़ित आभूषण, 3 करोड़ आंकी गई कीमत, लोकायुक्त ने की पूछताछ
निलंबन के बाद अब वन विभाग संजीव शर्मा के विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू करेगा। इसके पहले कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। इसका जवाब आने पर आरोप पत्र जारी किया जाएगा। आरोप पत्र जारी होने और विभागीय जांच शुरू होने की स्थिति में उनकी पदोन्नति का रास्ता भी बंद हो जाएगा।
संजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारियों को डीएफओ के पद पर पदोन्नत करने के लिए विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हो चुकी है। इसमें उन्हें पदोन्नति के लिए फिट पाया गया था।