डीआरआई की बड़ी रेड: भोपाल आ रही बस में 6.6 किलो एंफेटामाइन के साथ पकड़ाया तस्कर
डीआरआई ने दिल्ली से भोपाल आ रही बस में सवार एक तस्कर को सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया। उसके बैग से तीन पैकेट में रखी 6.642 किलो सिंथेटिक ड्रग बरामद हुई।
Publish Date: Sat, 07 Nov 2026 09:01:15 AM (IST)Updated Date: Sat, 07 Nov 2026 09:01:15 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटोHighLights
- बस से 6.642 किलो एंफेटामाइन की तस्करी
- एनडीपीएस फील्ड टेस्ट में ड्रग की पुष्टि
- 48,400 रुपये नकद भी बरामद हुए
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। बस से ड्रग तस्करी के मामले मध्य प्रदेश में आए दिन सामने आ रहे हैं। अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) भोपाल पर एक माह में तीन बार ड्रग जब्त की गई है। वहीं, एक अन्य मामले में गोविंदपुरा थाने के सामने ड्रग पकड़ाई थी।
गुरुवार को राजस्व खूफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से बस से भोपाल आ रहे ड्रग तस्कर को सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया। उसके पास से 6.64 किलो एंफेटामाइन (सिंथेटिक) ड्रग बरामद की गई है। आरोपित के बैग में तीन पैकेट में यह ड्रग रखी हुई थी।
सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास पकड़ा
डीआरआई को खूफिया सूचना मिली थी कि एक तस्कर दिल्ली से बस के जरिए भोपाल आ अपने साथ ड्रग लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर डीआरआई की टीम ने 5 नवंबर गुरुवार को दोपहर सोनकच्छ टोल प्लाजा के पास बस के पहुंचने पर संदिग्ध को रोककर तलाशी ली।
तीन पैकेट बरामद
इस दौरान आरोपी के हल्के भूरे रंग के बैग से चमकीले चांदी रंग के तीन प्लास्टिक पैकेट मिले। इनमें सफेद क्रिस्टल जैसा पदार्थ भरा हुआ था। इसका कुल वजन 6.642 किलोग्राम पाया गया। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर पदार्थ एंफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पूरी खेप जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
बेंगलुरु के मामले में भी आरोपित पर केस
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित बेंगलुरु पुलिस द्वारा दर्ज एक अन्य एनडीपीएस मामले में जमानत पर बाहर था। इससे उसके पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त होने की जानकारी मिली है।
आरोपी के सामान से 48,400 रुपये नकद भी बरामद हुए। पूछताछ में उसने यह रकम मादक पदार्थों की तस्करी से प्राप्त होना स्वीकार किया। डीआरआई ने नकदी भी जब्त कर ली है और मामले में आगे की जांच जारी है।