
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में कानून-व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने इंटरनेट मीडिया के अलग-अलग माध्यमों पर आपत्तिजनक व भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़े प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत लागू यह आदेश तत्काल प्रभाव से आगामी दो माह तक लागू रहेगा।
आदेश के अनुसार फेसबुक, व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर धार्मिक, सामाजिक या जातिगत विद्वेष फैलाने वाले संदेश, फोटो, ऑडियो और वीडियो पोस्ट करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। भड़काऊ पोस्ट पर कमेंट, लाइक, शेयर या फॉरवर्ड करना भी अपराध के दायरे में आएगा। इसके साथ ही व्हाट्सएप ग्रुपों में ऐसे संदेशों को रोकने की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ग्रुप एडमिन की तय की गई है।
आदेश में भीड़ जुटाने या गैरकानूनी गतिविधियों के लिए उकसाने वाले संदेशों पर भी रोक लगाई गई है। इसके अलावा शहर के साइबर कैफे संचालकों के लिए पहचान पत्र (आईडी) का सत्यापन, आगंतुक रजिस्टर और वेबकैम-कैमरा अनिवार्य कर दिया गया है। बिना पहचान के किसी को भी कैफे का उपयोग करने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत सीधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- रतलाम में चादर पर लिटाकर बीमार वृद्धा को जनसुनवाई में लेकर पहुंचे स्वजन, एसपी बोले- बताते तो मैं खुद नीचे आ जाता