रतलाम में चादर पर लिटाकर बीमार वृद्धा को जनसुनवाई में लेकर पहुंचे स्वजन, एसपी बोले- बताते तो मैं खुद नीचे आ जाता
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब परिजन 68 वर्षीय बीमार वृद्धा को चादर पर लिटाकर उठाते हुए जनसुनवाई कक्ष में ले आए। वृद्धा की हालत ऐसी थी कि वह न तो उठ पा रही थीं और न ही बैठ सकती थीं।
Publish Date: Tue, 08 Sep 2026 07:47:31 PM (IST)Updated Date: Tue, 08 Sep 2026 07:47:31 PM (IST)
रतलाम में चादर पर लिटाकर बीमार वृद्धा को जनसुनवाई में लाए स्वजन। (नईदुनिया प्रतिनिधि)HighLights
- मकान की रजिस्ट्री और बैंक खाते से 17.64 लाख रुपए के लेनदेन में धोखाधड़ी का आरोप
- एएसपी ने संबंधित थाने को दिए कार्रवाई करने के निर्देश
- वह न तो उठ पा रही थीं और न ही बैठ सकती थीं
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब परिजन 68 वर्षीय बीमार वृद्धा को चादर पर लिटाकर उठाते हुए जनसुनवाई कक्ष में ले आए। वृद्धा की हालत ऐसी थी कि वह न तो उठ पा रही थीं और न ही बैठ सकती थीं।
उन्हें इस तरह लाया गया देखकर एसपी अमित कुमार ने नाराजगी जताते हुए परिजनों से कहा कि आवेदन लेकर वे स्वयं आ सकते थे। यदि उन्हें सूचना दी जाती तो वे खुद नीचे आकर शिकायत सुन लेते। एसपी ने स्वजनों से कहा कि इस अवस्था में वृद्धा को इस तरह तकलीफ देकर लाना उचित नहीं है और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाना चाहिए।
इस पर स्वजनों ने बताया कि वृद्धा स्वयं एसपी से मिलकर अपनी आपबीती और शिकायत बताने की जिद पर अड़ी थीं। इसी वजह से उन्हें इस हालत में लेकर आना पड़ा। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो ने वृद्धा और उनके परिजनों की शिकायत सुनी तथा संबंधित थाने को मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मकान की रजिस्ट्री कराने का आरोप
शिकायती पत्र के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र थाना क्षेत्र के अलकापुरी निवासी पुष्पा देवी, पति स्व. जगदीशचंद्र जी, उम्र 68 वर्ष ने अन्नूबाई चावडा, है कालुराम, सुमित चावडा एवं यश शर्मा के विरुद्ध धोखाधड़ी और छल-कपट के आरोप लगाए हैं। वृद्धा का कहना है कि उनकी कोई संतान नहीं है। उन्होंने घरेलू काम के लिए अन्नूबाई को रखा था। आरोप है कि उनकी अस्वस्थता का फायदा उठाकर उन्हें धोखे और अंधेरे में रखकर मकान की वसीयत और विक्रय-पत्र अपने नाम करवा लिया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 22 अप्रैल 2026 को जालसाजी कर 8 लाख 90 हजार रुपए का फर्जी प्रतिफल दर्शाते हुए रजिस्ट्रार कार्यालय में मकान की रजिस्ट्री करा ली गई।e इसके साथ ही वृद्धा के बैंक खातों से एफडी और जमा राशि के करीब 17 लाख 64 हजार रुपए तुड़वाकर अथवा ट्रांसफर करवाकर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
भतीजे के साथ मारपीट का भी आरोप
वृद्धा ने शिकायत में बताया कि अगस्त में उनके भतीजे मकान की देखभाल के लिए आए थे। आरोप है कि उस दौरान आरोपितों और करीब 15 से 20 असामाजिक तत्वों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। मामले में पुलिस ने शिकायत सुनने के बाद संबंधित थाने को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।