
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दिल्ली के एक होटल में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना के बाद भोपाल में भी अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। संभावित हादसों की रोकथाम और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए शहर के होटल, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और नर्सिंग होम की विशेष जांच कराई जाएगी।
महापौर मालती राय ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन को पत्र लिखकर व्यापक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि शहर के सभी होटलों की सघन जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त और मानक अनुरूप इंतजाम मौजूद हों।
महापौर ने स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और नर्सिंग होमों का भी व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान जहां अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग या अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं में कमी पाई जाए, वहां संस्थानों को निर्धारित समय सीमा में सुधार का अंतिम अवसर दिया जाएगा।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि तय समय के भीतर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। महापौर ने पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट 15 दिनों के भीतर प्रस्तुत करने को कहा है, ताकि शहर की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।