स्पेशल TET में मिलेगा ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प; MP में नवंबर या दिसंबर में होगा पेपर, 18 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन
सेवारत शिक्षकों की टीईटी ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन भी होगी। आवेदन में संशोधन के लिए 20 सितंबर तक मौका है। परीक्षा नवंबर या दिसंबर में होने की संभावना जताई जा रही है।
Publish Date: Sun, 06 Sep 2026 07:43:05 PM (IST)Updated Date: Sun, 06 Sep 2026 07:43:05 PM (IST)
प्रतीकात्मक फाेटो।HighLights
- एमपी में पहली बार सेवारत शिक्षकों की टीईटी ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन भी होगी
- आवेदन की अंतिम तारीख 18 सितंबर, संशोधन के लिए 20 सितंबर तक मौका
- परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने और बड़ी संख्या में ओएमआर शीट की व्यवस्था करनी होगी
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। मध्यप्रदेश में पहली बार सेवारत शिक्षकों के लिए आयोजित होने जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा(टीईटी) ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन भी कराई जाएगी। शासन ने इस संबंध में मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) को निर्देश दिए हैं। हालांकि, परीक्षा के नए प्रारूप को लेकर अभी आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है।
सोमवार से आवेदन प्रक्रिया में ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प दिए जाने की संभावना है। परीक्षा अब नवंबर या दिसंबर में आयोजित की जा सकती है। आवेदन की अंतिम तारीख भी बढ़ा दी गई है।
शिक्षक 18 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवेदन में संशोधन के लिए 20 सितंबर तक का समय मिलेगा। करीब डेढ़ लाख पात्र शिक्षकों में से अब तक लगभग 12 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया है।
ऑफलाइन परीक्षा के लिए बढ़ाने होंगे परीक्षा केंद्र
ईएसबी पिछले कुछ वर्षों से अधिकतर परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित करता रहा है। ऐसे में एक शहर में चार-पांच इंजीनियरिंग कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया जाता था। ऑफलाइन परीक्षा होने पर केंद्रों की संख्या बढ़ानी होगी। इसके अलावा बड़ी संख्या में ओएमआर शीट तैयार कराने की व्यवस्था भी करनी होगी।
इन तैयारियों के कारण परीक्षा की तारीख आगे बढ़ने की संभावना है। हालांकि इससे शिक्षकों को भी परीक्षा की तैयारी करने का समय भी मिलेगा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हो रही टीईटी
सुप्रीम कोर्ट ने मई 2026 में आदेश दिया था कि वर्ष 1998 से 2009 के बीच नियुक्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा कराने के लिए ईएसबी को प्रस्ताव भेजा था।
मंडल ने 21 अगस्त से आनलाइन आवेदन शुरू किए थे और अंतिम तारीख चार सितंबर निर्धारित की थी, जिसे अब बढ़ाकर 18 सितंबर कर दिया गया है।
शिक्षकों की मांग पर मिला ऑफलाइन विकल्प
शिक्षक संगठनों ने स्कूल शिक्षा मंत्री व अधिकारियों से मुलाकात कर ऑनलाइन के साथ ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प देने की मांग की थी। संगठनों का कहना था कि कई सेवारत शिक्षक कंप्यूटर के इस्तेमाल में सहज नहीं हैं।
शिक्षकों की मांग पर स्कूल शिक्षा विभाग और ईएसबी के बीच चर्चा के बाद ऑफलाइन परीक्षा का विकल्प देने पर सहमति बनी है। इससे कंप्यूटर संचालन में असहज शिक्षक भी आसानी से परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
शिक्षकों ने टीईटी परीक्षा को ऑफलाइन कराने की मांग की थी। इसके लिए ईएसबी को प्रस्ताव भेजा गया है। अब परीक्षा की तैयारी में समय लगेगा। इस कारण अक्टूबर में होने वाली परीक्षा नवंबर व दिसंबर में हो सकेगी।- अभिषेक सिंह,आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय