
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित कैबिनेट बैठक में राज्य के युवाओं, खिलाड़ियों और स्वास्थ्य क्षेत्र के हित में कई ऐतिहासिक फैसलों पर मुहर लगाई गई।
कैबिनेट के निर्णयों की जानकारी देते हुए सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (MSME) मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से एक अभूतपूर्व योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत राज्य की प्रत्येक विधानसभा सीट पर सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा, जो ग्रामीण व शहरी युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करेगा।
मंत्री चैतन्य कश्यप ने बताया कि मध्य प्रदेश में यह पहली बार हो रहा है कि विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर अत्याधुनिक संसाधनों से लैस खेल परिसर बनाए जा रहे हैं। इस योजना का नाम 'मुख्यमंत्री स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स' रखा गया है। सरकार ने आगामी 5 वर्षों के भीतर इस प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य तय किया है, जिसके लिए 960 करोड़ रुपये का वित्तीय प्रावधान किया गया है।
प्रशासनिक सर्वे के अनुसार, प्रदेश की 140 विधानसभाएं ऐसी हैं जहां वर्तमान में खेल की उचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, जबकि 90 विधानसभा क्षेत्रों में पूर्व से मौजूद बुनियादी ढांचे को अपग्रेड और आधुनिक बनाया जाएगा। इन परिसरों का विकास जमीन की उपलब्धता और रोड कनेक्टिविटी को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा, जिसमें इनडोर और आउटडोर दोनों प्रकार की मल्टीपर्पस खेल सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में 25 सितंबर से सड़क पर दौड़ेंगी 350 सरकारी बसें, भोपाल में नितिन गडकरी दिखाएंगे हरी झंडी
इस योजना का सबसे अनूठा और नवीन पहलू खेल परिसर के भीतर हेलीपैड का निर्माण है। सरकार ने निर्णय लिया है कि इन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मैदान के ठीक बीच में एक स्थाई हेलीपैड विकसित किया जाएगा।
इस अभिनव प्रयोग का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में एयर एम्बुलेंस सेवा को गांव-गांव और दूरदराज के क्षेत्रों तक आसानी से पहुंचाना है। यह हेलीपैड 24 घंटे और हमेशा उपलब्ध रहेगा, जिससे गंभीर मरीजों को तुरंत बड़े अस्पतालों तक एयरलिफ्ट किया जा सकेगा।