
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश में 19 बच्चों की मौत के लिए जिम्मेदार मानी जा रही तमिलनाडु की श्रीसन कंपनी पर वहां के औषधि प्रशासन विभाग ने शिकंजा कस दिया है। मध्य प्रदेश में एफआईआर दर्ज होने के बाद तमिलनाडु सरकार ने कांचीपुरम स्थित कंपनी की दीवार पर अंग्रेजी में छह पेज का नोटिस चस्पा किया है।
क्या है नोटिस में
नोटिस में कंपनी के संचालक को पांच दिन के भीतर सभी तरह के दस्तावेज जैसे लाइसेंस, लैब रिपोर्ट, कच्चे माल की खरीदी का विवरण देने के लिए कहा गया है। यह सब उपलब्ध नहीं कराने पर कंपनी स्थायी रूप से सील कर दी जाएगी।
कंपनी के परिसर में जली हुई दवाएं मिली हैं। केमिकल के ड्रम रखे हुए हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि वहां पर चार से पांच लोग ही काम करते दिखाई देते थे। मध्य प्रदेश से पहुंची विशेष जांच टीम भी यह देखेगी कि कंपनी में दवाओं का निर्माण किन परिस्थितियों में हो रहा था। इधर, मध्य प्रदेश में मंगलवार को औषधि निरीक्षकों ने अमानक मिले तीन ब्रांड के कफ सीरप की 800 बोतल जब्त की हैं।
इसे भी पढ़ें- Bhavantar Yojana: छह हजार पार जा सकता है सोयाबीन भाव, किसानों ने भावांतर से बनाई दूरी