बलिदानी टीआई दिलीप पुरी के परिवार के साथ खड़ी है सरकार, पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति: सीएम यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत थाना प्रभारी दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
Publish Date: Mon, 02 Nov 2026 07:44:44 PM (IST)Updated Date: Mon, 02 Nov 2026 07:44:44 PM (IST)
HighLights
- पुरी के असामयिक निधन पर गहन दु:ख व्यक्त किया
- मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
- परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले के खातेगांव में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में कर्तव्य निर्वहन करते हुए थाना प्रभारी दिलीप पुरी के असामयिक निधन पर गहन दु:ख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजन के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की।
उन्होंने दिवंगत थाना प्रभारी पुरी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
![naidunia_image]()
मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घटना की विस्तृत जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया है। उन्होंने इस मामले में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीर बलिदानी पुरी की धर्मपत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति और परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए प्रार्थना की है।