By Brajendra rishishwarEdited By: bhupendra Singh Rajput
Publish Date: Thu, 10 Sep 2026 05:06:35 PM (IST)Updated Date: Thu, 10 Sep 2026 05:06:35 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। किसी एक पते से 30, तो किसी एक पते से 40 पासपोर्ट, आखिर यह कैसे संभव हुआ कि सालों तक किसी को शक तक नहीं हुआ? मध्यप्रदेश के डबरा और भोपाल से शुरू हुई फर्जी पासपोर्ट की जांच अब सीधे तौर पर पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया की खामियों की ओर इशारा कर रही है।
एसटीएफ की जांच बताती है कि यह मामला महज कुछ फर्जी दस्तावेजों का नहीं, बल्कि एक सुनियोजित पहचान निर्माण फैक्ट्री का है, जिसने वर्षों तक स्थानीय पुलिस और प्रशासन की आंखों में धूल झोंकी।
एसटीएफ के अनुसार गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद व्यवस्थित थी। सबसे पहले बांग्लादेश से अवैध रूप से भारत आ चुके लोगों की पहचान की जाती थी। इसके बाद उनके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज गढ़े जाते थे, ताकि एक भारतीय पहचान खड़ी की जा सके।
इन्हीं दस्तावेजों को आधार बनाकर पासपोर्ट कार्यालयों में आवेदन डाले जाते थे और हैरानी की बात यह कि आवेदन स्वीकार भी होते रहे।
डबरा से भोपाल तक फैला जाल
जांच में सबसे पहले ग्वालियर जिले के डबरा स्थित बौद्ध विहार कालोनी सामने आई, जहां एक ही पते पर 30 पासपोर्ट जारी हुए मिले। इसके बाद भोपाल के गोविंदपुरा इलाके के अन्ना नगर मठ का पता जांच में जुड़ा, जहां से 40 और पासपोर्ट जारी हुए। यानी सिर्फ दो पतों से 70 से ज्यादा पासपोर्ट। ये सभी पासपोर्ट 2021 से 2023 के बीच बनवाए गए थे।
धार्मिक पहचान का इस्तेमाल ढाल की तरह
इस पूरे नेटवर्क की सबसे चौंकाने वाली परत यह रही कि फर्जी पासपोर्ट धारक खुद को बौद्ध अनुयायी बताकर थाईलैंड, मलेशिया, चीन, श्रीलंका और जापान जैसे देशों की यात्रा करते रहे। जांचकर्ताओं का मानना है कि धार्मिक यात्रा की आड़ लेने से शक की गुंजाइश और भी कम हो जाती थी।
सवाल जो अब उठ रहे हैं
-एक ही पते से दर्जनों पासपोर्ट जारी होने पर स्थानीय पुलिस सत्यापन में यह गड़बड़ी पकड़ में क्यों नहीं आई?
-क्या सत्यापन प्रक्रिया में शामिल किसी अधिकारी या बिचौलिये की मिलीभगत थी?
-क्या यह नेटवर्क सिर्फ फर्जी पहचान तक सीमित था, या इसके पीछे कोई बड़ा अंतरराष्ट्रीय गिरोह भी सक्रिय है?
-एसटीएफ एसपी राहुल लोढ़ा के मुताबिक अब तक गिरोह के दो आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि मास्टरमाइंड रियाल चौधरी को जेल भेजा जा चुका है।
पूछताछ में नेटवर्क के अन्य सदस्यों और दस्तावेज तैयार करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।
असम कनेक्शन: कई राज्यों में फैला नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि गिरोह का मास्टरमाइंड असम में बैठकर पूरा खेल संचालित कर रहा था। वह उन लोगों के सीधे संपर्क में था जो वर्षों पहले बांग्लादेश से भारत आकर असम, कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अलग-अलग शहरों में बस गए थे।
मामले की तह तक जाने के लिए एसटीएफ की पांच सदस्यीय टीम असम रवाना की गई है, जो नेटवर्क के अन्य सदस्यों, दस्तावेज बनाने वालों और विदेश यात्राओं के कनेक्शन की जानकारी जुटाएगी।