
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने में जुटी पुलिस की मुस्तैदी का एक दिलचस्प नमूना शुक्रवार को भारत टॉकीज तिराहे पर देखने को मिला। यहां ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाने में व्यस्त ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर मलखान सिंह की अपनी ही बाइक उनकी बाजू में खड़ी-खड़ी चोरी हो गई।
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है। भारत टॉकीज तिराहे पर रोज की तरह चेकिंग अभियान चल रहा था। सब इंस्पेक्टर मलखान सिंह की प्वाइंट पर ड्यूटी लगी थी। वह पूरी तत्परता से हेलमेट, कागजात और ट्रैफिक नियमों की जांच में लगे थे। जो भी बाइक सवार जरा सा भी नियम तोड़ता दिखता, उसे तुरंत किनारे लगवाकर चालान की प्रक्रिया शुरू हो जाती। इसी दौरान एसआई ने अपनी बाइक ठीक पास में खड़ी कर रखी थी, ताकि ड्यूटी भी चलती रहे और वाहन भी नजरों के सामने रहे।
लेकिन चोरों ने शायद पुलिस की इसी व्यस्तता को मौका मान लिया। बताया जा रहा है कि चालान काटने की कार्रवाई के बीच कोई शातिर व्यक्ति चुपचाप आया और उनकी बाइक लेकर ऐसे निकल गया। दिलचस्प बात यह है कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। बावजूद इसके चोर इतनी सफाई से बाइक ले उड़ा कि पुलिसकर्मी को भनक तक नहीं लगी। दोपहर करीब तीन बजे जब मलखान सिंह दोपहर की शिफ्ट करके लौटने लगे और होटल ग्रैंड के सामने खड़ी बाइक को देखा तो गायब मिली।
एसआई मलखान सिंह की शिकायत पर मंगलवारा पुलिस ने वाहन चोरी का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी अजय सोनी का कहना है कि बाइक चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एक आरोपित बाइक चुराता हुआ दिखाई दिया है। आरोपित के हुलिये को देखकर आसपास के लोगों का कहना है वह यहीं घूमता था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।