भोपाल के मिसरोद सरकारी स्कूल में छात्रों का हंगामा; शिक्षिका के सस्पेंशन की मांग को लेकर फिर सड़क पर उतरे
भोपाल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिसरोद में विद्यार्थी शिक्षिका बविता कुशवाहा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 02:28:53 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 02:28:53 PM (IST)
मिसरोद में विद्यार्थी शिक्षिका बविता कुशवाहा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। फोटो-सोशल मीडियाHighLights
- शिक्षिका के निलंबन की मांग पर अड़े विद्यार्थी
- 5 अक्टूबर को भी स्कूल में हुआ था प्रदर्शन
- निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मिसरोद के विद्यार्थी आज दोपहर 1 बजे से शिक्षिका बविता कुशवाहा के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों में शिकायत पर अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी है।
विद्यार्थियों के अनुसार, 5 अक्टूबर को भी उन्होंने शिक्षिका के विरुद्ध प्रदर्शन कर उनके निलंबन की मांग की थी। उस समय जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षिका का स्थानांतरण करते हुए मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
शिक्षा विभाग की मंशा पर उठे सवाल
विद्यार्थियों का कहना है कि जांच के लिए अतिरिक्त समय दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में विद्यार्थी दोबारा प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है।
विद्यार्थियों ने शिक्षिका पर कथित राजनीतिक प्रभाव के जरिए जांच को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
विद्यार्थियों की प्रमुख मांगें
- शिक्षिका को निलंबित किया जाए।
- मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- पूर्व में दिए गए आश्वासन के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
विद्यार्थियों के इस प्रदर्शन के बीच अब सबकी नजर शिक्षा विभाग की अगली कार्रवाई पर है।