
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश के शासकीय हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में नौवीं के विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहायक (एआइ असिस्टेंट) का व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहा है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत प्रदेश के 1848 सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आइसीटी) विद्यालयों में यह पाठ्यक्रम संचालित होगा।
इसकी ऑनलाइन कक्षाएं एक सितंबर से शुरू की जाएंगी। इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआइ) ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह पाठ्यक्रम उन स्कूलों में शुरू किया जाएगा, जहां पर आइसीटी लैब है।
निर्देशित किया गया है कि एआइ असिस्टेंट पाठ्यक्रम से संबंधित वीडियो स्कूल शिक्षा विभाग विमर्श पोर्टल पर यूट्यूब माध्यम से स्मार्ट कक्षा में विद्यार्थियों को दिखाए जाएंगे। सप्ताह में तीन दिन सैद्धांतिक कक्षाएं ऑनलाइन वीडियो के माध्यम से संचालित होंगी। सोमवार और बुधवार को नए पाठ के वीडियो प्रदर्शित किए जाएंगे और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान कराया जाएगा। तीसरी कक्षा भी निर्धारित समय-सारणी के अनुसार संचालित की जाएगी।
प्रदेश के 1,848 स्कूलों में यह पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए सूची तैयार की गई है। वहीं चयनित विद्यालयों की सूची में संशोधन किया गया है। 24 प्रयोगशालाओं को अन्य आइसीटी विद्यालयों में स्थानांतरित किया गया है। जबकि 48 विद्यालय सीबीएसई से संचालित होने के कारण सूची से हटाए गए हैं।
मध्य प्रदेश ओपन स्कूल के माध्यम से पहले से एआइ पाठ्यक्रम संचालित कर रहे 42 विद्यालय भी सूची से बाहर किए गए हैं। 15 विद्यालयों में आइसीटी प्रयोगशाला उपलब्ध नहीं होने या पहले से आइटी एवं आइटी आधारित सेवाओं का ट्रेड संचालित होने के कारण उन्हें हटाया गया है।
ऑनलाइन पाठ के बाद विद्यार्थियों को संबंधित विषयवस्तु का अभ्यास और प्रयोगात्मक कार्य कराया जाएगा। शुक्रवार को सप्ताह में दिखाए गए दोनों वीडियो से संबंधित अभ्यास एवं प्रयोगात्मक गतिविधियां होंगी। शनिवार को पुनरावृत्ति दिवस रखा गया है। कठिन लगने वाले पाठ या वीडियो को विमर्श पोर्टल से डाउनलोड कर दोबारा दिखाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- MP Weather 29th August: मध्य प्रदेश के सभी जिलों में बारिश का येलो अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
प्राचार्य और आइसीटी प्रशिक्षक को विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति और सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करनी होगी। तकनीकी कारणों से किसी दिन वीडियो नहीं चल पाने पर उसे अगले कार्य दिवस में अनिवार्य रूप से दिखाया जाएगा। विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान रोजगार कौशल, अंग्रेजी व जीव विज्ञान शिक्षक और एआइ असिस्टेंट विषय के कंप्यूटर प्रशिक्षक करेंगे।