
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मध्य प्रदेश में कुपोषण घटने के बजाय बढ़ रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में दिए गए अक्टूबर 2025 के आंकड़ों की पोषण ट्रैकर के अक्टूबर 2026 के आंकड़ों से तुलना करते हुए सरकार से सवाल किया।
पटवारी के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में 36.64 प्रतिशत बच्चे उम्र के अनुपात में कम लंबाई, 23.25 प्रतिशत कम वजन और 8.45 प्रतिशत दुबलेपन से प्रभावित थे। अक्टूबर 2026 में ठिगनेपन की दर बढ़कर 40.72 प्रतिशत और कम वजन की दर 23.30 प्रतिशत हो गई।
उन्होंने कहा कि शिवपुरी में बच्चों का ठिगनापन 49 से बढ़कर 55 प्रतिशत और कम वजन के मामले 26 से बढ़कर 30 प्रतिशत हो गए। अशोकनगर और जबलपुर में भी ऐसी ही स्थिति है।
पटवारी ने पूछा कि कुपोषण घटाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद समस्या क्यों बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कई जगह पात्र गर्भवती महिलाओं और बच्चों को नियमित रूप से टेक होम राशन नहीं मिल रहा है और इसका वितरण दो से तीन माह में एक बार हो रहा है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बोरवेल उगल रहे बदबूदार पानी, 20 घरों में पीने पर लगी रोक, निगम ने चस्पा किया नोटिस
पटवारी ने सभी जिलों में मातृ स्वास्थ्य और बाल पोषण की स्वतंत्र जांच, टेक होम राशन वितरण का सामाजिक अंकेक्षण एवं पोषण आहार की खरीदी से वितरण तक का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग की।