
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग को लेकर नरसिंहपुर के किसानों ने सोमवार को राजधानी में प्रदर्शन किया। ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ मिसरोद रोड पर पहुंचे किसानों ने यातायात रोक दिया। मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने की तैयारी कर रहे किसानों को पुलिस ने बरकतुल्लाह विश्वविद्यालय के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद किसान वहीं धरने पर बैठ गए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज कर सीएम हाउस की ओर कूच करेंगे।
किसान गणेश पटेल ने बताया कि एक एकड़ में गन्ने की फसल लगाने के लिए बीज पर 15 से 20 हजार, मजदूरी पर सात से आठ हजार और ट्रैक्टर किराये पर 12 से 13 हजार रुपये खर्च होते हैं। खाद, डीजल और बिजली का खर्च अलग है। खाद का 1200 रुपये वाला कट्टा 2500 रुपये तक में मिल रहा है। ऐसे में 450 रुपये प्रति क्विंटल का भाव किसानों को आर्थिक संकट में डाल रहा है।
यह भी पढ़ें- एमपी में 1 साल और टले सहकारी समितियों व बैंकों के चुनाव, परिसीमन के चलते लिया फैसला, मिलेगी आर्थिक मदद
मिसरोद एसीपी उमराव सिंह ने बताया कि एसडीएम निधि चौकसे और तहसीलदार मौके पर मौजूद हैं। किसानों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासन ने उनके ठहरने के लिए टेंट, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की है।