
अंजली तोमर, भोपाल। बेटी के जन्म के बाद से ही माता-पिता उसकी पढ़ाई, उच्च शिक्षा और शादी के लिए पैसे जोड़ना शुरू कर देते हैं। हर परिवार चाहता है कि बेटी जब बड़ी हो तो पैसों की कमी से उसके सपने अधूरे न रहें। इसके लिए सुकन्या समृद्धि योजना माता-पिता के लिए बचत का अच्छा जरिया बन रही है।
मध्य प्रदेश में भी इस योजना से बड़ी संख्या में परिवार जुड़ रहे हैं। प्रदेश में अब तक 31 लाख से ज्यादा खाते खुल चुके हैं, जिनमें 9756.76 करोड़ रुपये जमा हैं। डाक विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में इस योजना के तहत खाते खुलने के साथ ही जमा राशि में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है।
डाक विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सुकन्या समृद्धि के खाते 2022-23 में 23.93 लाख थे, जो 2025-26 में बढ़कर 30.03 लाख और 2026-27 में 31.15 लाख हो गए। वहीं, जमा राशि 4333.30 करोड़ से बढ़कर अब 9756.76 करोड़ रुपये पहुंच गई है।
नए खाते खुलने के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2022-23 में 2 लाख 7 हजार 35 खाते खुले थे। 2023-24 में 1 लाख 47 हजार 484 और 2024-25 में 1 लाख 64 हजार 6 नए खाते खोले गए। वहीं, 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 3 लाख 890 हो गई। यानी एक साल में ही तीन लाख से ज्यादा परिवारों ने बेटियों के नाम पर इस योजना से जुड़कर बचत शुरू की।
जिलों की स्थिति देखें तो इंदौर में सबसे ज्यादा करीब 1 लाख 45 हजार खाते हैं। इनमें 653.70 करोड़ रुपये जमा हैं। वहीं, ग्वालियर में करीब 82 हजार खातों में 696.46 करोड़ रुपये जमा हैं।
इस तरह खातों की संख्या कम होने के बावजूद जमा राशि में ग्वालियर पहले स्थान पर है। भोपाल में 73 हजार खातों में 457.37 करोड़, जबलपुर में 97 हजार खातों में 515.89 करोड़ और उज्जैन में 1 लाख 1 हजार खातों में 242.47 करोड़ रुपये जमा हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में जानलेवा साबित हो रहे टाइगर रिजर्व के बिना मुंडेर के 13,255 कुएं; गिरकर हो रही वन्यजीवों की मौत
2022-23: 2393994- 4333.30 करोड़
2023-24: 2540884- 5614.05 करोड़
2024-25: 2704115- 7118.61 करोड़
2025-26: 3003893- 8945.40 करोड़
2026-27: 3115769- 9756.76 करोड़
भोपाल: 73 हजार खाते , 457.37 करोड़
इंदौर: 1 लाख 45 हजार खाते , 653.70 करोड़
ग्वालियर: 82 हजार खाते, 696.46 करोड़
जबलपुर: 97 हजार खाते, 515.89 करोड़
उज्जैन: 1 लाख 1 हजार खाते, 242.47 करोड़
इस योजना में 10 वर्ष तक की बालिका के नाम पर डाकघर या अधिकृत बैंक में खाता खुलवाया जा सकता है। खाते की परिपक्वता अवधि 21 वर्ष है। वहीं, बेटी के 18 वर्ष की होने या दसवीं पास करने, जो भी पहले हो, उच्च शिक्षा के लिए पिछले वित्तीय वर्ष के अंत में खाते में जमा राशि का 50 प्रतिशत तक निकाला जा सकता है। इससे माता-पिता बेटी की पढ़ाई के खर्च की तैयारी पहले से कर सकते हैं।
मध्य प्रदेश में बेटियों के भविष्य के लिए बचत का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत चार साल में खातों की संख्या 23.93 लाख से बढ़कर 30 लाख पार पहुंच गई। वहीं, बेटियों के नाम जमा राशि बढ़कर 8945 करोड़ रुपये हो गई।- एके पाण्डेय, सहायक निदेशक (एसबी-सीएस)