
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भोपाल-विदिशा रेलवे लाइन पर बने सूखी सेवनिया से पटेल नगर बायपास मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज को मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्य के चलते तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है। मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) और ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार से इस पुल पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है।
जानकारी के अनुसार ओवरब्रिज लंबे समय से क्षतिग्रस्त स्थिति में था, जिसके चलते इसकी मरम्मत और पुनर्निर्माण का निर्णय लिया गया है। कार्य के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। ब्रिज बंद होने से इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करना होगा।
बायपास से निकलने वाले सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों को सूखी सेवनिया (विदिशा रोड) चौराहे से बाएं मुड़कर सलामतपुर, सांची, रायसेन और बिलखिरिया होते हुए पटेल नगर रायसेन रोड चौराहा, 11 मील और नर्मदापुरम रोड के रास्ते आवागमन करना होगा।
वहीं सवारी बसों और दोपहिया-चारपहिया वाहनों को शहर के अंदर से होकर गुजरना पड़ेगा। ये वाहन नर्मदापुरम रोड से आरआरएल ब्रिज के नीचे से होते हुए आईएसबीटी तक आ-जा सकेंगे। इसके अलावा रायसेन रोड की ओर से आने वाली बसों को पटेल नगर चौराहे से आनंद नगर और पिपलानी रोड के रास्ते से गुजरना होगा।