
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जिले के जहांगीराबाद थाने के निलंबित थाना प्रभारी (TI) राजन अहिरवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड करना भारी पड़ गया है। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की कड़ी फटकार और सख्त रुख के बाद निलंबित टीआई ने आखिरकार इंस्टाग्राम और फेसबुक से अपना वह वीडियो डिलीट कर दिया है।
निलंबित टीआई राजन अहिरवार ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक महिला पुलिस अफसर पर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए थे। इस वीडियो के सार्वजनिक होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ लिया।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने इसे अनुशासनहीनता माना। पुलिस अधिकारियों की ओर से पड़ी फटकार के बाद अहिरवार को अपने दोनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम से वीडियो हटाना पड़ा।
यह भी पढ़ें- FIR होते ही सामने आया जहांगीराबाद के पूर्व TI राजन सिंह का वीडियो, बोले- सच्चाई जल्द ही सबके सामने आ जाएगी
भले ही उन्होंने वीडियो सोशल मीडिया से हटा लिया गया हो, लेकिन निलंबित टीआई की मुश्किलें अभी कम होती नहीं दिख रही हैं। पुलिस विभाग की नई पॉलिसी के तहत अनुशासनहीनता और अनधिकृत रूप से सोशल मीडिया पर बयानबाजी करने को लेकर उन पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।