
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के तत्कालीन टीआई राजन सिंह अहिरवार के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज होने के बाद उनका एक वीडियो मैसेज सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में राजन सिंह ने भावुक और कड़े शब्दों में अपना पक्ष रखते हुए पूरे मामले को लेकर कई बड़े दावे किए हैं। उन्होंने कहा कि कहना बहुत कुछ चाहता हूं, लेकिन कह नहीं सकता। हालांकि सत्य हमेशा सूर्य के समान होता है और बादल कितने भी घने हों, एक दिन छंटेंगे।
वीडियो में पूर्व टीआई राजन सिंह ने खुद पर लगे आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी गलत काम या आपराधिक गतिविधि के कारण सस्पेंड नहीं हुए हैं। राजन सिंह ने दावा किया कि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और उनके साथी पुलिसकर्मी सच्चाई से वाकिफ हैं और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि तथ्यों और साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद सच्चाई जल्द ही सबके सामने आ जाएगी।
अपने बयान में पूर्व टीआई ने एक महिला अधिकारी की भूमिका पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मांग की कि संबंधित महिला अधिकारी को इस जांच और मामले की प्रक्रिया से पूरी तरह दूर रखा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वह महिला अधिकारी पुलिसकर्मियों को बेवजह मानसिक तनाव देती हैं, जिससे अधीनस्थ कर्मचारियों का काम करना मुश्किल हो जाता है।
यह भी पढ़ें- थाने में एडवोकेट से मारपीट केस में नया मोड़, भोपाल में निलंबित TI पर FIR दर्ज कराने की मांग लेकर सड़क पर उतरे वकील
राजन सिंह ने जहांगीराबाद में अपने कार्यकाल के दौरान स्थानीय जनता से मिले स्नेह और सहयोग को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र में गुंडागर्दी, जुआ और सट्टे के अवैध कारोबार पर कसकर लगाम लगाई गई थी, जिसके चलते वे लगातार असामाजिक तत्वों के निशाने पर थे।
वीडियो के अंत में राजन सिंह अहिरवार ने पूरे मामले को जनता के सामने रखते हुए कहा, "पूरा घटनाक्रम आपके सामने है, आप खुद इसका सही आकलन करें।" फिलहाल पुलिस विभाग में यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है और आगे की कानूनी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।