'शिक्षामंत्री गायब हैं...': भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पोस्टर लेकर उतरे शिक्षक अभ्यर्थी, 38वें दिन भी आंदोलन जारी
शिक्षक वर्ग 2 और 3 के पदों में वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन किया।
Publish Date: Sun, 27 Sep 2026 10:16:30 PM (IST)Updated Date: Sun, 27 Sep 2026 10:16:30 PM (IST)
अभ्यर्थियों ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन किया। नईदुनिया।HighLights
- शिक्षक वर्ग 2 और 3 के पदों में वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन
- भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर पोस्टर और बैनर के साथ प्रदर्शन
- अभ्यर्थी नरेंद्र 18 दिनों से भूख हड़ताल पर, 38वें दिन भी आंदोलन जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक वर्ग-2 और 3 के पदों में वृद्धि के लिए अभ्यर्थियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। रविवार को 38वें दिन जारी आंदोलन के तहत अभ्यर्थियों ने राजधानी के बोर्ड ऑफिस चौराहा पर बैनर और पोस्टर लगाए।
इसके माध्यम से उन्होंने अपनी मांगों और आंदोलन की जानकारी आम जनता तक पहुंचाते हुए लोगों से सहयोग की अपील की।
पोस्टर लेकर उतरे अभ्यर्थी
अभ्यर्थी यशपाल सिंह राजपूत, किरण उइके, रिषी पटेरिया, हरेंद्र सिंह कुशवाह, सृष्टि पटेल ने हाथ में पोस्टर और बैनर लेकर चौक-चौराहे पर खड़े नजर आए। इसमें लिखा था कि शिक्षा का अधिकार अधूरा पदवृद्धि से होगा पूरा, शिक्षामंत्री गायब हैं...जैसे कोटेशन लिखे थे। आंदोलनकारी अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत पिछले 18 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे हैं।
अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से आंदोलन चलने के बावजूद शासन की ओर से अब तक कोई ठोस संवाद या सुनवाई नहीं हुई है। इससे नाराज अभ्यर्थियों ने आंदोलन को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
युवाओं को नहीं मिल रहा रोजगार
अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षक पदों में वृद्धि होने से प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अतिरिक्त अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने सरकार से पदवृद्धि के संबंध में जल्द निर्णय लेने की मांग की है।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि जब तक शासन की ओर से उनकी मांगों के संबंध में लिखित आदेश जारी नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदवृद्धि की मांग पूरी होने तक भूख हड़ताल और धरना जारी रहेगा।