MP में उच्च माध्यमिक शिक्षक भर्ती: 8,721 में से सिर्फ 2,901 को ही नियुक्ति, 10 हजार पद बढ़ाने की मांग पर 21 दिन से धरना
पदवृद्धि और द्वितीय काउंसलिंग की मांग को लेकर प्रतीक्षारत अभ्यर्थी 21 दिनों से भोपाल के नीलम पार्क में प्रदर्शन कर रहे हैं।
Publish Date: Thu, 17 Sep 2026 10:01:36 PM (IST)Updated Date: Thu, 17 Sep 2026 10:01:36 PM (IST)
अभ्यर्थी पिछले 21 दिनों से भोपाल के नीलम पार्क में धरने पर बैठे हैं। नईदुनिया।HighLights
- शिक्षक (वर्ग-1) भर्ती 2023 में 8,721 पद जारी किए गए
- वर्तमान में केवल 2,901 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली
- नियुक्तियों को लेकर 21 दिनों से भोपाल में प्रदर्शन जारी
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। मध्यप्रदेश की उच्च माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-1) भर्ती 2023 में 8,721 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन इनमें से केवल 2,901 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली है। शेष पात्र अभ्यर्थी अब पदवृद्धि और द्वितीय काउंसलिंग की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
अभ्यर्थी पिछले 21 दिनों से भोपाल के नीलम पार्क में धरने पर बैठे हैं।
17 हजार शिक्षकों की जरूरत
अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ष 2018 की भर्ती के शेष पदों को वर्ष 2023 की भर्ती में शामिल किया गया था। उनके अनुसार राजपत्र के प्रावधानों के आधार पर करीब 17 हजार पदों की आवश्यकता थी, लेकिन स्कूल शिक्षा विभाग ने 8,721 पद ही जारी किए। इनमें से भी 2,901 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई। इससे बड़ी संख्या में पात्र अभ्यर्थी प्रतिक्षारत सूची में शामिल हैं।
कोर्ट केस का हवाला दे रही सरकार
अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद होने के बावजूद सीमित पदों पर भर्ती की जा रही है। उनका आरोप है कि कई बार जारी किए गए पद भी पूरी तरह नहीं भरते और रिक्त पदों को बैकलाग के रूप में अगली भर्ती में जोड़ दिया जाता है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पदवृद्धि और द्वितीय काउंसलिंग के संबंध में विभाग की ओर से कोर्ट केस का हवाला दिया जा रहा है।
उनका कहना है कि संबंधित मामला ईडब्ल्यूएस में आयु-आरक्षण से जुड़ा है और इसका पदवृद्धि से सीधा संबंध नहीं है।अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि 10 हजार पद बढ़ाकर द्वितीय काउंसलिंग कराई जाए और पात्र वेटिंग अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर दिया जाए।
10 हजार पद बढ़ाने की मांग
वेटिंग अभ्यर्थी वर्ग-1 शिक्षक भर्ती में 10 हजार अतिरिक्त पद जोड़ने और द्वितीय काउंसलिंग कराने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इससे पहले से चयन प्रक्रिया में शामिल पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर मिल सकता है।अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया शुरू हुए करीब चार वर्ष होने को हैं और वे लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे हैं।