भोपाल में ई-अटेंडेंस की सिरदर्दी; हमारे शिक्षक एप में बदलाव से 27 स्कूलों के टीचर परेशान
हमारे शिक्षक एप में ई-उपस्थिति के नए अपडेट से भोपाल के दो पालियों में संचालित 27 हाई और हायर सेकंडरी स्कूलों के शिक्षकों की परेशानी बढ़ गई है।
Publish Date: Mon, 23 Nov 2026 02:19:37 PM (IST)Updated Date: Mon, 23 Nov 2026 02:31:44 PM (IST)
प्रतीकात्मक, फोटो एआई से तैयारHighLights
- हमारे शिक्षक एप में ई-उपस्थिति में हुए नए अपडेट
- 27 हाई और हायर सेकंडरी स्कूलों के शिक्षक परेशान
- जिला शिक्षा अधिकारी से की व्यवस्था में सुधार की मांग
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से हमारे शिक्षक एप में ई-उपस्थिति की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दो पालियों में संचालित होने वाले स्कूलों के शिक्षकों के लिए अलग से समय दिया गया है। इसमें भोपाल जिले के दो पालियों में संचालित 27 हाई और हायर सेकंडरी स्कूलों के शिक्षकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नए अपडेट में शिफ्ट बदलने का विकल्प हटा दिया गया है।
इसके कारण सुबह और दोपहर की पाली में काम करने वाले शिक्षक निर्धारित समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। समस्या को लेकर संबंधित स्कूलों के प्राचार्यों ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को पत्र लिखकर व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
दो पालियों में अटेंडेंस से परेशानी
दरअसल, इन 27 स्कूलों में दो पालियों में कक्षाएं संचालित होती हैं। पहली पाली सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक लगती है। पहले एप में शिक्षकों को अपनी पाली के अनुसार उपस्थिति दर्ज करने का विकल्प मिलता था, लेकिन नए अपडेट में यह सुविधा हटा दी गई है। अब शिक्षकों को सुबह 10:30 से शाम 4:30 बजे के बीच ही उपस्थिति दर्ज करने का विकल्प मिल रहा है।
सुबह की पाली के शिक्षकों को सबसे ज्यादा दिक्कत
नई व्यवस्था के कारण सुबह सात बजे स्कूल पहुंचने वाले शिक्षक समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, दूसरी पाली के शिक्षकों को दोपहर 12 बजे स्कूल पहुंचने के बावजूद एप पर हाजिरी दर्ज करने के लिए निर्धारित समय का इंतजार करना पड़ रहा है।
इसके अलावा नेटवर्क और लॉगआउट संबंधी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। शिक्षकों का कहना है कि एप की तकनीकी व्यवस्था स्कूलों के वास्तविक समय और संचालन के अनुरूप नहीं है।