
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कमलानगर इलाके में मोबाइल चार्जर गुम होने की बात पर मंदिर समिति के दो सदस्यों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि पुजारी ने दूसरे सदस्य पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपित ने सिर पर वार किया, लेकिन सदस्य चंद्र प्रकाश ने हाथ आगे कर हमले को रोक लिया। इससे उनके हाथ की दो अंगुलियां कट गईं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। कमलानगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नेहरू नगर निवासी चंद्र प्रकाश (35) मंदिर समिति के सदस्य हैं। पुजारी जितेंद्र पांडे भी इसी समिति से जुड़े हैं। छह नवंबर की रात मोबाइल का चार्जर गुम होने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर चंद्र प्रकाश ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज होकर जितेंद्र अपनी गाड़ी की डिक्की तक गया और उसमें रखी छोटी कुल्हाड़ी निकाल लाया।
आरोप है कि जितेंद्र ने चंद्र प्रकाश के सिर को निशाना बनाकर कुल्हाड़ी से वार किया। चंद्र प्रकाश ने बचाव में हाथ आगे कर दिया, जिससे कुल्हाड़ी उनकी अंगुलियों पर लगी। हमले में उनकी दो अंगुलियां गंभीर रूप से कट गईं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती विवाद के दौरान चंद्र प्रकाश ने पहले पुजारी को थप्पड़ मारा था। दोनों पक्षों के बीच हुए घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- जनसुनवाई में फूटा भोपाल के लोगों का दर्द... ब्लैंक चेक से 10 लाख की ठगी, मकान हड़पने की धमकी