
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। भारतीय रेल के उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में जौनपुर जंक्शन पर 4 से 27 मई तक यार्ड रिमॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इसका सीधा असर भोपाल मंडल के यात्रियों पर पड़ेगा, क्योंकि इस रूट से गुजरने वाली 10 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। वलसाड़-मुजफ्फरपुर, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक, छपरा-लोकमान्य तिलक, सूरत-थावे ताप्ती गंगा, इंदौर-पटना और लोकमान्य तिलक-अयोध्या कैंट जैसी ट्रेनें तय तारीखों पर जौनपुर की बजाय बदले हुए मार्ग से चलेंगी, जिससे भोपाल के यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है।
इन बातों का रखें ध्यान सबसे पहले, यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, क्योंकि कुछ स्टेशनों पर अस्थायी रूप से ठहराव प्रभावित हो सकता है। इसके लिए NTES या रेलवे पूछताछ सेवा का सहारा लें। दूसरा, अगर आपका टिकट जौनपुर या आसपास के स्टेशनों का है, तो रूट बदलने के कारण आपको असुविधा हो सकती है, इसलिए वैकल्पिक योजना पहले से बना लें। तीसरा, ट्रेन के समय में भी बदलाव संभव है, इसलिए स्टेशन समय से पहले पहुंचें।
रेलवे का कहना है कि यह कार्य यात्रियों की सुविधा और बेहतर संचालन के लिए किया जा रहा है। हालांकि, इस दौरान थोड़ी परेशानी हो सकती है, इसलिए सतर्क रहकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। यात्री अपनी यात्रा की योजना बदलते हुए मार्ग और समय सारिणी को ध्यान में रखकर ही बनाएं ताकि अंतिम समय में किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- भोपाल में कूलर के सामने सोने पर भाई से हुआ झगड़ा और बहन ने लगा ली फांसी, परिवार में मचा कोहराम