
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 की तारीख तय कर दी गई है। परीक्षा 10 दिसंबर के बाद आयोजित होगी। इसके लिए 13 या 20 दिसंबर की संभावित तारीख मानी जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा कराने की जिम्मेदारी माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) को सौंपी है। मंडल ने परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली हैं। अगले दो-तीन दिनों में परीक्षा की विस्तृत गाइडलाइन जारी होने की संभावना है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद प्रदेश के करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए टीईटी आयोजित की जा रही है। मंडल 16 से 27 नवंबर के बीच डीएड की परीक्षा आयोजित करेगा। इसके बाद दिसंबर में टीईटी कराई जाएगी। परीक्षा के लिए अब तक करीब 34 हजार शिक्षकों ने आवेदन किया है।
इनमें 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के शिक्षक शामिल हैं। मंडल जिला स्तर पर परीक्षा केंद्र बनाएगा। वहीं, विभाग ने मॉडल प्रश्नपत्र तैयार कर वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं, ताकि शिक्षक परीक्षा की तैयारी कर सकें।
परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों की संख्या को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। वर्ष 2005 से 2009 के बीच नियुक्त शिक्षकों ने ईएसबी (पूर्व में व्यापमं) की भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन उस समय भर्ती परीक्षा और एनसीटीई के मानकों में अंतर था। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग ने सुप्रीम कोर्ट में आवेदन लगाया है। न्यायालय के निर्णय के बाद ही तय होगा कि इन शिक्षकों को टीईटी देनी होगी या नहीं।
यह भी पढ़ें- एमपी में मकान बनाना हुआ आसान, अब स्थानीय निकाय ही दे सकेंगे भवन निर्माण की अनुमति, नियम में बदलाव
यदि इन्हें छूट मिलती है तो परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या करीब 70 हजार रह जाएगी। ये शिक्षक वर्ष 1998 से 2005 के बीच सीधी भर्ती से नियुक्त हुए थे। इसके अलावा जिन शिक्षकों की सेवा में पांच साल शेष हैं, उन्हें भी परीक्षा से राहत दी गई है।
टीईटी की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए तारीख स्कूल शिक्षा विभाग तय कर मंडल को बताएगा। 10 दिसंबर के बाद परीक्षा होगी। करीब 34 हजार आवेदन आए हैं। जिला स्तर पर केंद्र बनाए जाएंगे।- बुद्धेश कुमार वैद्य, सचिव, माशिमं