MP TET अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर: 15 दिन में पोर्टल पर अपलोड होगा ब्लू प्रिंट, दिसंबर में परीक्षा
प्रदेश के सभी 55 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाने की योजना, करीब डेढ़ लाख शिक्षकों को ध्यान में रखकर तैयारी है।
Publish Date: Mon, 21 Sep 2026 06:19:14 PM (IST)Updated Date: Mon, 21 Sep 2026 06:19:14 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- टीईटी का ब्लू प्रिंट करीब 15 दिन में पोर्टल पर होगा अपलोड
- इस सत्र में दिसंबर के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित
- प्रदेश के 55 जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाने की योजना
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की ओर से शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) दिसंबर के दूसरे सप्ताह में आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। परीक्षा की तैयारी कर रहे शिक्षकों को पाठ्यक्रम और प्रश्नपत्र के स्वरूप की जानकारी पहले से मिल सके, इसके लिए परीक्षा का ब्लू प्रिंट तैयार कर पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) की विशेषज्ञ टीम ब्लू प्रिंट तैयार करेगी और करीब 15 दिन में इसे जारी करने की तैयारी है। माशिमं ने टीईटी के लिए डीपीआई से सिलेबस मांगा है। वहीं, प्रश्नपत्र तैयार करने के लिए मप्र कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) से परीक्षा पैटर्न लिया जाएगा।
डीपीआई विशेषज्ञों की टीम गठित कर रहा है।अधिकारियों ने बताया कि शिक्षकों को परीक्षा की तैयारी के लिए अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।जुलाई से ऑनलाइन कोचिंग भी संचालित की जा रही है।
निगेटिव मार्किंग नहीं होगी
टीईटी के प्रारंभिक परीक्षा पैटर्न के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों के लिए 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए ढाई घंटे का समय दिया जाएगा। ओएमआर शीट के माध्यम से परीक्षा होगी।
इसमें निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।माशिमं करीब डेढ़ लाख शिक्षकों की संख्या को ध्यान में रखते हुए परीक्षा की व्यवस्थाएं तैयार कर रहा है।आवेदन की अंतिम तिथि पांच अक्टूबर निर्धारित की गई है।
55 जिलों में बनाए जाएंगे परीक्षा केंद्र
परीक्षा का आयोजन ईएसबी की परीक्षा प्रक्रिया के समान रखा जाएगा, लेकिन टीईटी ऑफलाइन मोड में होगी। अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर उत्तर देना होगा। प्रदेश के सभी 55 जिलों के मुख्यालय में परीक्षा केंद्र बनाए जाने की योजना है।
आवेदन की संख्या के आधार पर प्रत्येक जिले में केंद्रों की संख्या तय की जाएगी। इससे दूर-दराज के शिक्षकों को परीक्षा देने के लिए दूसरे जिले की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परीक्षा
सुप्रीम कोर्ट के मई 2026 के आदेश के बाद टीईटी आयोजित की जा रही है। आदेश के अनुसार वर्ष 1998 से 2009 के बीच नियुक्त प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करनी होगी। इसके बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने परीक्षा कराने के लिए ईएसबी को प्रस्ताव भेजा था।
मंडल ने 21 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू किए थे। आवेदन की अंतिम तिथि पहले चार सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 18 सितंबर किया गया था।
-परीक्षा की तैयारी के लिए ब्लू प्रिंट तैयार किया जाएगा। ईएसबी की तर्ज पर ही परीक्षा पैटर्न होगा। परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी गई है।- बुद्धेश कुमार वैध, सचिव,माशिमं