
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। उत्तर-पश्चिम से आ रही ठंडी हवाओं ने प्रदेश का मौसम तेजी से बदल दिया है। प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र के जिलों में दिन अचानक से ठंडे हो गए हैं। वहीं रात का तापमान भी 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इस बीच इंदौर और भोपाल में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गए हैं।
शनिवार को इंदौर का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो हिल स्टेशन पचमढ़ी में दर्ज 12.6 डिग्री से कम है। राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो अमरकंटक में दर्ज तापमान के बराबर है। भोपाल का अधिकतम तापमान भी 32 डिग्री सेल्सियस मापा गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
इस बीच पूर्वी क्षेत्र के बालाघाट, नर्मदापुरम और बैतूल जिलों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पश्चिम में नौगांव और शिवपुरी में भी अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। वहीं खजुराहो 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म दिन रहा।
शनिवार को कटनी का करौंदी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा। रायसेन भी 12.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अपेक्षाकृत ठंडा रहा।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 13 घंटे में शहर साफ करने का दावा हवा-हवाई, 14 हजार सफाईकर्मी रातभर जुटे फिर भी नहीं सुधरे हालात
वहीं दतिया, शिवपुरी में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक रहा। टीकमगढ़, धार और श्योपुर में भी न्यूनतम तापमान का रुख ऐसा ही रहा। कई इलाकों में धुंध का असर भी दिखने लगा है। वहीं चार से छह किलोमीटर की रफ्तार से ठंडी हवाओं का आना जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक 10 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। ऐसा हुआ तो पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। हवाओं का रुख ऐसा ही रहा तो 12-13 नवंबर तक प्रदेश के तापमान में गिरावट आएगी।