
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। फ्लैट और प्रापर्टी के नाम पर लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाले बिल्डर दंपती संदीप और संगीता रमतानी का ठगी का नेटवर्क भोपाल से लेकर जबलपुर और पंजाब तक फैला हुआ था। दोनों के खिलाफ अलग-अलग जगह शिकायतें और मामले दर्ज हैं। पुलिस की पड़ताल में करीब 15 स्थायी वारंट मिलने की जानकारी सामने आई है।
इसमें पंजाब के रोपड़ से भी चेक बाउंस के मामले में केस दर्ज था और उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए संदीप हुलिया बदलकर भोपाल में हुलिया बदलकर रह रहा था, जबकि उसकी पत्नी संगीता अलग मायके में रह रही थी। पुलिस ने उसकी तस्वीर और तकनीकी जानकारी के आधार पर पहचान की।
शुक्रवार रात भोपाल की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने बैरागढ़ और शाहपुरा से आरोपित दंपती को गिरफ्तार किया। शनिवार को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर आरोपित दंपति को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
यह भी पढ़ें- भोपाल के 14 लाख राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर, 1 जनवरी 2027 से बदलेगी व्यवस्था, ऐसे मिलेगा अनाज
पुलिस की जांच में सामने आया कि दंपती ने ठगी से जुटाई गई रकम का एक हिस्सा दुबई में अय्याशी पर खर्च किया। वहीं, कुछ रकम बिल्डरों को भी दी गई थी। पुलिस अब इन लेनदेन की पड़ताल कर रही है, ताकि ठगी की रकम का पूरा हिसाब और उससे जुड़े लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
पुलिस अब दंपती से भोपाल, जबलपुर और पंजाब में दर्ज शिकायतों, ठगी के शिकार लोगों, दुबई में खर्च की गई रकम और बिल्डरों को किए गए भुगतान के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच में अन्य पीड़ितों और ठगी के नेटवर्क से जुड़े लोगों के सामने आने की संभावना है।